मेरठ के आबूलेन फूड फेस्टिवल में रैपर लगाएंगे मनोरंजन का तड़का, दीपोत्सव पर बाजारों में बढ़ेगी रौनक
मेरठ के आबूलेन में दीपोत्सव के दौरान तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल का आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य कारोबार और बाजारों में रौनक बढ़ाना है।

आबूलेन पर सजावट के लिए तैयार किए गए फाउंडेशन। जागरण
HighLights
आबूलेन में तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल का आयोजन।
स्थानीय रैपर देंगे प्रस्तुति, युवाओं को करेंगे आकर्षित।
'जेन जेड' और 'वोकल फॉर लोकल' पर आधारित होगा आयोजन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दीपोत्सव के जरिए बाजारों में रौनक और कारोबार बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। आबूलेन बाजार में तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न फूड के स्टालों के अलावा स्थानीय रैपर के भी तीन स्टाल रहेंगे। आयोजन की रूपरेखा जेन जेड की भावनाओं के अनुरूप तैयार की है। आयोजन वोकल फार लोकल पर आधारित होगा। अन्य प्रमुख बाजारों में भी दीपोत्सव पर भव्य सजावट की तैयारी चल रही हैं।
व्यापारियों का लक्ष्य केवल बाजारों को रोशन करना नहीं, बल्कि दीपावली के दौरान अधिकतम ग्राहकों को भी आकर्षित कर कारोबार को नई गति देना है, ताकि बाजार में खरीदारी को आए ग्राहकों को उत्सव और उल्लास का माहौल मिले। इसी के चलते बाजारों में तोरण द्वार, बंदनवार और लाइटिंग से सजावट की तैयारियां हैं।
आबूलेन बाजार में दीपोत्सव पर सजावट की परंपरा पुरानी है, जिसे लगातार नए रूप में पेश किया जा रहा है। बीते वर्ष यहां फूड फेस्टिवल हुआ था, उसमें इस बार जेन जेड पर फोकस रहेगा। यहां सजावट के लिए लोहे के पाइपों के फाउंडेशन लगाए जा चुके हैं।
सदर बाजार व शारदा रोड पर सजावट में संशय
शारदा रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष मनीष शर्मा का कहना है कि हर साल शारदा रोड पर भव्य सजावट कराई जाती थी, लेकिन इस बार सीएम ग्रिड योजना में सड़क निर्माणाधीन होने के चलते सजावट कराने का अभी निर्णय नहीं लिया है। व्यापारियों से बात कर तय करेंगे। सदर बाजार व्यापार संघ के महामंत्री सुनील दुआ का कहना है कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण के चलते व्यापारियों के मन में पीड़ा है, इसलिए अभी तक बाजार में सजावट कराने का निर्णय नहीं लिया है।
आबूलेन पर फूड फेस्टिवल में 20 से ज्यादा फूड स्टाल लगेंगे, ये स्टाल उन लोगों के रहेंगे जो अपने उत्पाद घरों से बिक्री करते हैं। चाट, पानी पूरी के अलावा काफी स्टाल भी लगेंगे।
-आकाश खन्ना, अध्यक्ष, आबूलेन व्यापार संघ
बाजार में सजावट चार नवंबर से ही हो जाएगी। तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल में स्थानीय कलाकारों में रैपर के स्टाल इस बार खास रहेंगे, जो युवाओं को आकर्षित करेंगे।
-राजवीर सिंह, महामंत्री, आबूलेन व्यापार संघ
शहर सराफा में पांच नवंबर से सजावट हो जाएगी, जो तीन दिनों तक रहेगी। यहां तोरण द्वार समेत बंदनवार लगवाई जाएंगी और लाइटिंग भी कराने की तैयारी है।
-प्रदीप अग्रवाल, अध्यक्ष, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन
यह भी पढ़ें- 'कनाट प्लेस' जैसी शान, लेकिन पार्किंग, रोशनी और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा मेरठ का आबू लेन बाजार
यह भी पढ़ें- मेरठ में आबू लेन के बाद दिल्ली और हापुड़ रोड पर अराजकता, कारों में सवार ABVP कार्यकर्ताओं का हूटर बजाकर स्टंट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।