Meerut Crime News: मेरठ में दीपावली पर सट्टा लगाने को एडवांस बुकिंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
Meerut Crime News मेरठ में धनतेरस से लेकर भाई दूज तक सट्टा कराने को किराये पर मकान लिया गया था। पुलिस ने छापा मारकर सट्टा किंग विनोद और रोहित को लिसाड़ी गेट क्षेत्र में सलमा के मकान से गिरफ्तार कर लिया।

मेरठ, जागरण संवाददाता। सट्टा किंग विनोद प्रधान और उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथी भाग गए। पूछताछ में विनोद ने बताया कि वे धनतेरस पर सट्टा करा रहे थे। इसी के साथ उनके पास दीपावली पर सट्टा लगाने की एडवांस बुकिंग थी।
विनोद की पुलिस को थी दो साल से तलाश
सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि विनोद पुत्र हुकम सिंह निवासी टावर वाली गली थाना ब्रह्मपुरी, रोहित पुत्र बृजेश निवासी काली मंदिर वाली गली थाना ब्रह्मपुरी को लिसाड़ी गेट में सलमा के मकान से गिरफ्तार किया गया। यहां दोनों अपने साथियों के साथ सट्टा करा रहे थे। विनोद से सात हजार रुपये भी बरामद हुए। इस दौरान शहजाद पुत्र शमसाद निवासी इत्तेफाक नगर और सोनू निवासी सेक्टर दो माधवपुरम थाना ब्रह्मपुरी मौके से भाग निकले। सीओ ने बताया कि विनोद की पुलिस को दो साल से तलाश थी।
धनतेरस से लेकर भाई दूज तक किराये पर दिया था घर
मेरठ, जागरण संवाददाता। लिसाड़ी गेट थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार सलमा ने धनतेरस से लेकर भाई दूज तक जुआरियों को मकान किराए पर दिया था। जिसकी एवज में महिला को मोटी रकम दी गई थी।
ससुरालियों ने महिला को बंधक बनाकर पीटा
मेरठ, जागरण संवाददाता। खुशनुमा पत्नी शहजाद निवासी श्यामनगर ने लिसाड़ीगेट थाने में दी तहरीर में बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी शादी हुई थी। दहेज का सामान बेचने का विरोध करने पर पति उसकी पिटाई करता है। चार दिन पहले बंधक बनाकर पीटा। इसके बाद परिवार वालों से 50 हजार रुपये मांगे। रकम देने से इन्कार किया तो उसे घर से निकाल दिया। सीओ का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
मेरठ, जागरण संवाददाता। कंकरखेड़ा थाना इंस्पेक्टर उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि नाबालिग से दुष्कर्म के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपित विजय निवासी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।