मेरठ शहर सीट पर सपा-भाजपा को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की चुनौती, क्या दलित-मुस्लिम समीकरण से बदलेगा इतिहास?
मेरठ शहर सीट पर समाजवादी पार्टी और भाजपा के लिए नई चुनौती खड़ी हो गई है।

आसपा के विधानभा क्षेत्र प्रभारी बदर अली।
HighLights
मेरठ शहर सीट पर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने चुनौती पेश की।
सपा के रफीक अंसारी दो बार से इस सीट के विधायक।
मोर्चा दलित-मुस्लिम समीकरण से इतिहास बदलने का दावा कर रहा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम ने हाल ही में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है, जिसके बाद एनडीए और आईएनडीए के बीच नई रणनीतियों पर मंथन तेज हो गया है।
इस मोर्चा के मैदान में उतरने से मेरठ जिले में सबसे अधिक चुनौती शहर सीट पर मिल सकती है। यहां पर फिलहाल सपा से रफीक अंसारी लगातार दो बार से विधायक हैं, लेकिन इस बार जहां भाजपा इस सीट को जीतने के लिए रणनीतिक परिश्रम कर रही है, वहीं सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भी यहां पर अपने लिए राह आसान मान रहा है।
सपा का अधिक समय तक प्रभाव
आसपा ने यहां पर बदर अली को विधानभा क्षेत्र प्रभारी बनाया है। माना जा रहा है कि जिस तरह से बसपा प्रभारियों को प्रत्याशी बनाती थी उसी तरह का फार्मूला यह पार्टी भी अपना रही है। इस सीट के इतिहास को देखें तो यहां पर कांग्रेस के बाद सपा ने अधिक समय तक अपना प्रभाव रखा।
भाजपा को भी कई बार जीत मिली, लेकिन वह स्थायी नहीं रख सकी। यहां पर बसपा कभी जीत नहीं सकी, लेकिन उस पार्टी में लंबे समय तक रहे शाहिद अखलाक व याकूब कुरैशी ने दूसरी पार्टी के सिंबल पर जीत हासिल कर चुके हैं। 2012 में भाजपा से डाॅ. लक्ष्मीकान्त बाजपेयी चुनाव जीते। 2017 व 2022 में सपा से रफीक अंसारी ने जीत दर्ज की।
भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती
पार्षद से विधायक तक का सफर तय करने वाले रफीक के लिए उनका अंसारी बिरादरी से होना और बुनकर व्यवसाय से जुड़ा होना जीत में सहयोगी बनता रहा है। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है, यही भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती है, लेकिन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इसी समीकरण को अपने पक्ष में मान रही है।
पिछले चुनाव में सपा के रफीक ने 26065 वोटों के अंतर से भाजपा के कमल दत्त शर्मा को हराया था। बदर अली काफी समय पहले सपा के साथ भी रहे हैं। उनकी संस्था युवा सेवा समिति से जब 2017 में नगर निगम में पांच पार्षद चुने गए तो उनकी स्थानीय पकड़ को पार्टियों ने गंभीरता से लेना शुरू किया।
दलित-मुस्लिम समीकरण के सहारे इतिहास बदलने का दावा
चर्चा थी कि पिछली बार महापौर चुनाव में एआईएमआईएम के लिए लॉबिंग करके उन्होंने सपा को नुकसान पहुंचाया था। दलित मतदाताओं की संख्या भी काफी है, अब दलित-मुस्लिम समीकरण के सहारे यह मोर्चा शहर सीट का इतिहास बदलने का दावा कर रहा है।
बदर अली की युवा सेवा समिति से 2017 में पांच पार्षद जीते। 2019 में मुस्लिम नेता के लिए आंदोलन के दौरान जेल भेजे गए। 2019 में एनआरसी मामले पर प्रदर्शन में शामिल रहे। अवैध निर्माणाधीन अस्पताल ध्वस्त किया गया। 2024 में तालकटोरा स्टेडियम में हुई सभा में मेरठ से कई बस लेकर गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।