मेरठ में दीपावली के बाद चमकेगा बेगमपुल चौराहा, नौ करोड़ से बनेगा भव्य भारत माता चौक
मेरठ के बेगमपुल चौराहे को भारत माता चौक के रूप में संवारने की नौ करोड़ की परियोजना दीपावली के बाद शुरू होगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बेगमपुल चौराहे का नौ करोड़ से होगा सुंदरीकरण।
दीपावली के तुरंत बाद शुरू होगा निर्माण कार्य।
चौराहे पर लगेगी भारत माता की विशाल प्रतिमा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बेगमपुल चौराहे को भारत माता चौक के रूप में संवारने की मांग अब जल्द ही हकीकत में बदलने जा रही है। लंबे समय से चली आ रही इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने की दिशा में नगर निगम ने निर्णायक कदम बढ़ा दिए हैं। सुंदरीकरण और निर्माण कार्यों के लिए तीसरी बार निकाली गई टेंडर प्रक्रिया की तकनीकी बिड खुल चुकी है, जिसमें एक कंपनी ने अपनी दावेदारी पेश की है।
वर्तमान में फाइनेंशियल बिड का मूल्यांकन तेजी से चल रहा है। निगम अधिकारियों का दावा है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर टेंडर की सारी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो दीपावली के तुरंत बाद बेगमपुल चौराहे पर भव्य सुंदरीकरण का काम धरातल पर उतर जाएगा। इस बदलाव से न केवल चौराहे का स्वरूप निखरेगा, बल्कि यह शहर की एक नई और गौरवशाली पहचान भी बनेगा।
नगर निगम की बोर्ड बैठक में नामकरण
बेगमपुल चौराहे का नामकरण (भारत माता चौक) नगर निगम की बोर्ड बैठक में पहले ही किया जा चुका है। निगम ने सुंदरीकरण कार्य के लिए करीब नौ करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है।
अधिशासी अभियंता शिरीष सिंह ने बताया कि सप्ताह भर में कंपनी को चयनित कर कार्य शुरू कराया जाना प्रस्तावित है। इसकी ड्राइंग तैयार हो चुकी है। बेगमपुल चौराहे मेरठ का मुख्य बाजार आबूलेन, पीएल शर्मा रोड और बेगमपुल बाजार जुड़ा हुआ है। इसके अलावा कचहरी के लिए इससे एक सड़क जाती है।
यह शहर का सबसे व्यस्ततम चौराहा है। नमो भारत मेट्रो स्टेशन बनने के बाद से यहां यात्रियों की भीड़ भी बढ़ गई है। वर्तमान में चौराहे जैसी आदर्श स्थिति नहीं है। ट्रैफिक पुलिस को जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर चौराहे से यातायात का संचालन करना पड़ता है।
बसों, टेंपो-ई रिक्शा के सवारी बैठाने व उतारने के लिए कहीं कोई मार्किंग नहीं है। चौराहे के सुंदरीकरण कार्य में यह व्यवस्था भी बनाई जाएगी, ताकि चौराहे पर सुगम यातायात की सुविधा रहे। चौराहे पर जलनिकासी के लिए कवर्ड नालियां भी बनेंगी।
यह होंगे कार्य
- चौराहे का स्वरूप ऐसा किया जाएगा कि जितने भी रास्ते इससे जुड़ते हैं, उनके लेफ्ट टर्न फ्री हो सकें
- चौराहे के बीच में एक रोटरी का निर्माण होगा
- चारों तरफ फुटपाथ बनाए जाएंगे
- सीएम ग्रिड योजना की सड़कों की तरह ही चौराहे पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी
- बिजली के लटकते तारों और 100 मीटर की परिधि में होर्डिंग-बैनर मुक्त चौराहा विकसित किया जाएगा
- चौराहे पर पुलिस चौकी के पास बने तिकोने पार्क व बीच में डिवाइडर का कुछ हिस्सा तोड़कर उसे चौराहे के आकार में तैयार किया जाएगा।
नामकरण किया जा चुका है। यहां पर भारत माता की विशाल प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके लिए जल्द बजट की अलग से व्यवस्था की जाएगी। चौराहे को आदर्श स्थिति में लाया जाएगा। दीपावली बाद इसका निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया है।
-हरिकांत अहलूवालिया, महापौर
यह भी पढ़ें- मेरठ में जमानत पर छूटे बदमाश ने युवक पर की फायरिंग, 8 साल पहले बहन से मांगी थी 5 लाख रुपये की रंगदारी
यह भी पढ़ें- दीपावली पर मेरठ में बदला उपहार देने का अंदाज, डिजाइनर गिफ्ट पैक की धूम; कीमत 300 से छह हजार रुपये तक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।