विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर मेरठ में बदला उपहार देने का अंदाज, डिजाइनर गिफ्ट पैक की धूम; कीमत 300 से छह हजार रुपये तक

Published: Tue, 03 Nov 2026 11:12 AM (IST)

दीपावली पर मेरठ के बाजार में पारंपरिक मिठाई के डिब्बों की जगह डिजाइनर गिफ्ट हैंपर्स छाए हुए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. दीपावली पर मिठाई के डिब्बों की जगह डिजाइनर गिफ्ट हैंपर्स।

  2. मेरठ बाजार में 300 से 6000 रुपये तक के पैक उपलब्ध।

  3. ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट बॉक्स और पोटली ग्राहकों को लुभा रहे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। वक्त के साथ उपहार देने के तौर तरीके भी बदल गए हैं। पारंपरिक मिठाई के डिब्बे बजाय लोग अब गिफ्ट हैंपर्स को पसंद कर रहे हैं। दीपावली के लिए भी बाजार में गिफ्ट हैंपर्स छाए हैं। आकर्षक पैकिंग, रंग-रूप और सज्जा इसका प्रमुख कारण है।

डिजाइनर बॉक्स, टिन के डिब्बे और पोटली के आकार के गिफ्ट बॉक्स लोगों की पहली पसंद बने हैं। समृद्धि, उत्सव व प्रीमियम जैसे नामों से बाजार में उपलब्ध दीपावली गिफ्ट हैंपर्स की कीमत 300 से छह हजार रुपये तक है।

पैकिंग और पोटली वाले गिफ्ट ग्राहकों को कर रहे आकर्षित

सदर बाजार स्थित प्रेम स्वीट्स के मालिक नीरज चावला व रोहिताश स्वीट्स जैन नगर के मालिक संदीप कहते हैं, पहले लोग परिचितों और रिश्तेदारों को मिठाई के साधारण डिब्बे के साथ त्योहार की शुभकामना देते थे। अब बाजार में रंग-बिरंगे टिन के डिब्बे, डिजाइनर बॉक्स, ड्राई फ्रूट्स की पैकिंग और पोटली वाले गिफ्ट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।

रसगुल्ले, गुलाब जामुन और काजू कतली जैसी मिठाइयों को आकर्षक डिब्बों में पैक कराने का विकल्प उपलब्ध है। इन डिब्बों की खासियत इनके खूबसूरत डिजाइन और रंग हैं, जिन्हें लोग अपने बजट और पसंद के अनुसार चुन सकते हैं।

300 रुपये से छह हजार तक के डिब्बे

मिठाई के साथ सुंदर पैकिंग उपहार को खास बना रही है। उनके यहां 300 रुपये से छह हजार तक के डिब्बे उपलब्ध है। उनका कहना है कि इस बार बाजार में मिठाइयों को आकर्षक डिब्बों में पैक कराने का चलन बढ़ा है। मिठाइयों के अलावा ड्राई फ्रूट्स के आकर्षक बॉक्स भी खूब पसंद किए जा रहे हैं।

सदर बाजार स्थित जाली शापिंग सेंटर के मालिक दीपक व विपिन रस्तोगी ने बताया कि इस बार पारंपरिक डिब्बों के अलावा डिजाइनर पोटली में उपहार देने को ग्राहक उत्सुक हैं। पोटली की कीमत 160 रुपये से शुरू होती है।

ग्राहक इनमें पसंद के अनुसार ड्राई फ्रूट्स या अन्य उपहार रखवा सकते हैं। छोटे-बड़े बॉक्स में भी पैकिंग कराई जा रही है। इनकी कीमत लगभग 5000 रुपये तक पहुंचती है। इसमें काजू, बादाम, मुनक्का, पिस्ता, अंजीर और किशमिश शामिल हैं।

जंबो दीपावली गिफ्ट हैंपर में चॉकलेट लड्डू, ड्राई फ्रूट लड्डू, चॉकलेट बादाम, काजू अगरबत्ती और कमल के आकार का दीया है। उत्सव दीपावली गिफ्ट हैंपर में ड्राई फ्रूट लड्डू, मिलेट्स नमकीन, चॉकलेट और चॉकलेट से ढके नट्स शामिल हैं।

युवाओं और बच्चों में चॉकलेट गिफ्ट बॉक्स का चलन

एवन ब्रेकरी के संचालक राज ने बताया कि उनके यहां 20 से अधिक नामों के गिफ्ट हैम्पर है। उत्सव दीपावली गिफ्ट हैंपर में ड्राई फ्रूट लड्डू, चॉकलेट नट्स, दो तरह की कुकीज आदि शामिल हैं। कुकीज और बिस्किट के मिक्स गिफ्ट हैंपर ग्राहक सर्वाधिक पंसद कर रहे हैं। युवाओं और बच्चों के बीच चॉकलेट गिफ्ट बॉक्स का चलन है।

इसमें डार्क चॉकलेट, मिल्क चॉकलेट, ट्रफल और विभिन्न फ्लेवर की चॉकलेट रखी जाती हैं। इसकी कीमत 250 से 850 रुपए प्रति पैक तक है। इस गिफ्ट बॉक्स में चिप्स, कुकीज, चिक्की, किशमिश, दीये, धूप और मोतीचूर लड्डू जैसी दिखने वाली कैंडल शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- दीपावली पर गाय के गोबर से बने दीयों से रोशन करें घर, पर्यावरण भी रहेगा सुरक्षित, आगरा नगर निगम में लगा काउंटर

यह भी पढ़ें- दीपावली पर 26,250 लाइटों से जगमगाएगी धर्मनगरी, गंगा घाटों से लेकर चौराहों तक बिछेगा रोशनी का जाल

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।