विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुल्हन की शंखनाद के साथ भव्य एंट्री, म्यूजिकल फेरे का भी चलन बढ़ा, डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र बना मेरठ

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:50 PM (IST)

मेरठ अब डेस्टिनेशन वेडिंग का नया केंद्र बन रहा है, जहां दिल्ली-एनसीआर की तुलना में कम खर्च में भव्य समारोह आयोजित हो रहे हैं। 

शंखनाद के साथ दुल्हन की एंट्री। वीडियो ग्रेब

शंखनाद के साथ दुल्हन की एंट्री। वीडियो ग्रेब

HighLights

  1. मेरठ कम खर्च में डेस्टिनेशन वेडिंग का पसंदीदा विकल्प।

  2. म्यूजिकल फेरे और शंखनाद से दुल्हन की भव्य एंट्री।

  3. थीम आधारित सजावट, फूलों और हरियाली से मंडप आकर्षण।

जागरण संवाददाता, मेरठ। अब लोग डेस्टिनेशन वेडिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं। कोई ऋषिकेश में तो कोई मसूरी या देहरादून में शादी समारोह करना चाहता है। जो लोग हिल स्टेशन अथवा दिल्ली और नोएडा के मुकाबले कम खर्च में डेस्टिनेशन वेडिंग का आनंद लेना चाहते हैं, उन्हें इसके लिए मेरठ पसंद आ रहा है।

नोएडा व दिल्ली में खाने का प्रति प्लेट जो खर्च छह हजार रुपये आता है, वह मेरठ में 30 से 40 प्रतिशत तक कम रहता है। इसके चलते आसपास के जिलों के लिए मेरठ भी डेस्टिनेशन वेडिंग का केंद्र बनता जा रहा है।

वहीं, समारोह स्थल पर इंटीरियर और एक्सटीरियर साज-सज्जा, दुल्हन एंट्री के पलों को भव्य रूप देने के लिए इवेंट एंड वेडिंग प्लानर को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। इस काम पर कई लाख रुपये खर्च करने वाले वर-वधू पक्ष आयोजन को सपने सरीखा बनाना चाहते हैं।

आस-पास के जिलों से आ रहे लोग

दरअसल, वर-वधू का परिवार और रिश्तेदार होटल अथवा बैंक्वेट हॉल में लगभग तीन दिन ठहरते हैं। रिंग सेरेमनी से लेकर हल्दी, मेहंदी, घुड़चढ़ी और फेरे की रस्म पूरी होने पर दुल्हन की विदाई के बाद घर लौटते हैं। हापुड़, बागपत जिलों के अलावा बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली के लोग भी मेरठ में आकर शादियां करने लगे हैं।

इवेंट एंड वेडिंग प्लानर सौरभ टुटेजा बताते हैं कि मेरठ में बाईपास स्थित कई होटल एवं बैंक्वेट हाल संचालकों ने डेस्टिनेशन वेडिंग का उद्देश्य पूरा कराने के लिए 50 और 100 कमरे बनवाए हैं। डेस्टिनेशन वेडिंग में विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों में सम्मिलित रहने पर दोनों परिवारों के बीच जुड़ाव मजबूत होता है।

एक और नया बदलाव ये है कि आधी रात के बाद फेरे कराने के बजाय अब कलाकारों को बुलाकर म्यूजिकल फेरे कराए जा रहे हैं। शादी समारोह में धार्मिकता यथावत है, लेकिन मनोरंजन का भी भरपूर ध्यान दिया जा रहा है। शादी समारोह तीन से चार दिन का है, तो उसमें एक सूफी नाइट, बालीवुड नाइट भी शामिल की जा रही हैं।

क्लाउड इफेक्ट और लो-लाइंग फाग से दुल्हन की एंट्री

मित्तल इवेंट एंड वेडिंग प्लानर के संचालक मयंक मित्तल का कहना है कि शादी समारोह में दुल्हन की एंट्री, फेरे और वरमाला की रस्म के समय खास सजावट और इफेक्ट की डिमांड है। क्लाउड इफेक्ट और लो-लाइंग फाग इफेक्ट पसंद किया जा रहा है।

नए ट्रेंड और थीम को लेकर लोग पहले से जागरूक हैं और इंटरनेट के जरिये खुद भी थीम का निर्धारण करते हैं। हल्दी और मेहंदी की रस्म जहां होगी, वहां बैकग्राउंड में फूलों की भव्य सजावट पसंद की जा रही है। स्टेज पर आफ व्हाइट फूलों से सजावट का ट्रेंड है।

समारोह का आकर्षण मंडप

सौरभ टुटेजा बताते हैं कि मंडप केवल पारंपरिक रस्मों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि समारोह का मुख्य आकर्षण बन गए हैं। ताजे फूलों की दीवारें, झूमर, फेयरी लाइट्स और थीम आधारित स्टेज व मंडप तैयार किए जा रहे हैं। उसमें वर-वधू की पसंद, रंगों के तालमेल और प्रकाश व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जाता है। फूलों और हरियाली से सजा मंडप सहज और प्राकृतिक लुक देता है। पेस्टल-थीम वाली शादियों में यह स्टाइल काफी ट्रेंड में है।

यह भी पढ़ें- दुनिया का पसंदीदा वेडिंग डेस्टिनेशन बनेगा भारत, पर्यटन मंत्रालय ने तेज की तैयारी; उद्योग जगत से मांगे सुझाव

यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर बनेगा भारत की वेडिंग इकोनॉमी का सबसे बड़ा केंद्र, 25 दिनों में 7.5 लाख करोड़ का होगा कारोबार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।