विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुनिया का पसंदीदा वेडिंग डेस्टिनेशन बनेगा भारत, पर्यटन मंत्रालय ने तेज की तैयारी; उद्योग जगत से मांगे सुझाव

By Mala DixitEdited By: Shubham Kumar
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:04 PM (IST)

भारत पर्यटन मंत्रालय देश को विवाह समारोहों और एमआईसीई के लिए वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। हाल ही में हितधारकों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई गई।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. पर्यटन मंत्रालय भारत को विवाह पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाएगा।

  2. एमआईसीई बाजार 2030 तक $103.7 अरब तक पहुंचने का अनुमान है।

  3. 'मीट इन इंडिया' अभियान से भारत को बढ़ावा दिया जा रहा है।

माला दीक्षित, नई दिल्ली। भारत को दुनिया में विवाह समारोहों के पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए पर्यटन मंत्रालय ने पहल तेज कर दी है। देश में वेडिंग टूरिज्म को बढ़ावा देने, बेहतर सुविधाएं विकसित करने और इस क्षेत्र से जुड़े कारोबार को विस्तार देने के लिए सरकार उद्योग जगत के साथ मिलकर रणनीति तैयार कर रही है।

इसी कड़ी में पर्यटन मंत्रालय ने 19 नवंबर को नई दिल्ली में एमआईसीई (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेंस और एग्जीबिशन) तथा विवाह पर्यटन पर हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में दोनों क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा की गई और साथ ही भारत को कारोबारी आयोजनों और विवाह समारोहों के लिए दुनिया के अग्रणी गंतव्य केरूप में विकसित करने के लिए उद्योग जगत से सुझाव मांगे।

पर्यटन मंत्रालय के सचिव भुवनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रमुख उद्योग संगठनों, विवाह आयोजकों, प्रदर्शनी और सम्मेलन केंद्रों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में भारत को अंतरराष्ट्रीय विवाह समारोहों और बड़े कारोबारी आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के उपायों पर चर्चा हुई।

बैठक में विवाह पर्यटन के पूरे तंत्र को मजबूत करने, पेशेवर सेवा प्रदाताओं को मान्यता देने, पर्यटन से जुड़े आंकड़ों में सुधार करने और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सरकार का मानना है कि भारत के ऐतिहासिक महल, भव्य होटल, सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थल जोड़ों को विवाह समारोहों के लिए आकर्षित करने की बड़ी क्षमता रखते हैं।

बैठक में सचिव भुवनेश कुमार ने कहा कि एमआईसीई क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए सरकार और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल, व्यवस्थित प्रयास और नियमित संवाद जरूरी है। वहीं, पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला ने इस क्षेत्र के विकास में क्षेत्रीय संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
एमआईसीई पर्यटन के मोर्चे पर भी भारत की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

वर्ष 2024 में देश का एमआईसीई बाजार 49.4 अरब डॉलर का था, जिसके 2030 तक बढ़कर 103.7 अरब डॉलर होने का अनुमान है। मंत्रालय 'अतुल्य भारत' अभियान के तहत 'मीट इन इंडिया' उप-ब्रांड से भारत को बढ़ावा दे रहा है।

अंतरराष्ट्रीय एसोसिएशन बैठकों की वैश्विक रैंकिंग में भी भारत ने सुधार किया है। इंटरनेशनल कांग्रेस एंड कन्वेंशन एसोसिएशन (आईसीसीए) के अनुसार, भारत 2022 के 37वें स्थान से 2025 में 26वें स्थान पर पहुंच गया है। एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत छठे स्थान पर रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।