KBC Season 13: केबीसी के पहले एपिसोड में दिखीं मेरठ की मीनाक्षी जैन, 27 अगस्त तक सभी एपिसोड में प्रतिभाग करेंगी
KBC Season 13 कौन बनेगा करोड़पति में हिस्सा लेने वालीं मीनाक्षी जैन उपभोक्ता कोर्ट बागपत में महिला सदस्या हैं। वह ब्रह्मपुरी में रहती हैं। पहले स्लाट में पूरे उत्तर प्रदेश से वह अकेली प्रतिभागी चुनी गईं हैं। मीनाक्षी जैन कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी हुईं हैं।

मेरठ, जागरण संवाददाता। कौन बनेगा करोड़पति केबीसी में ब्रह्मपुरी की रहने वाली मीनाक्षी जैन पहुंचीं हैं। सोनी टीवी पर केबीसी के 13वें सीजन में पहले एपिसोड में वह प्रतिभागी हैं। मीनाक्षी जैन 23 से 27 अगस्त तक आने वाले सभी एपिसोड में प्रतिभागी के रूप में शो में दिखेंगी।
अकेली प्रतिभागी चुनी गई
मीनाक्षी जैन उपभोक्ता कोर्ट बागपत में महिला सदस्या हैं। वह ब्रह्मपुरी में रहती हैं। पहले स्लाट में पूरे उत्तर प्रदेश से वह अकेली प्रतिभागी चुनी गईं हैं। मीनाक्षी जैन कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी हुईं हैं। सोमवार को रात नौ से सवा दस बजे तक केबीसी के कार्यक्रम को उन्होंने परिवार के संग टीवी पर देखा। टीवी शो में वह अमिताभ बच्चन के आने पर खुशी से ताली बजाती नजर आईं।
शो के बारे में कुछ नहीं बताया
केबीसी में आने वाले एपिसोड में वह कितने सवाल का जवाब देती हैं, इसके विषय में उन्होंने अभी नहीं बताया है। एग्रीमेंट के अनुसार शो से पहले वह इसके विषय में कुछ भी नहीं बता सकती हैं। पहले दिन केबीसी में विज्ञानी ज्ञानराज हाटसीट पर प्रतिभागी रहे। मीनाक्षी जैन कब हाट सीट पर आएंगी, इसके विषय में उन्होंने नहीं बताया है।
हाटसीट पर पहुंचना कठिन
केबीसी में हाटसीट पर अमिताभ बच्चन के सामने बैठना इस बार कठिन है। पहले एक सवाल पर फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट जीतने वाले को एंट्री मिलती थी। इस सीजन में तीन सवाल पूछे जाएंगे। सबसे तेज जवाब देने वाले को हाटसीट पर जाने का मौका मिलेगा।
वर्ष 2000 से केबीसी की तैयारी
मीनाक्षी जैन वर्ष 2000 से केबीसी देखती रहीं हैं। छह राउंड में सफल होने के बाद वह केबीसी में पहुंचीं। इसके लिए सबसे पहले रजिस्ट्रेशन कराया। 10 दिन तक आए सवालों के जवाब दिए। लखनऊ जाकर ग्राउंड आडिशन दिया। फिर 10 अगस्त से 16 अगस्त तक मुंबई में जाकर केबीसी की शूटिंग की। मीनाक्षी जैन नियमित रूप से अखबार पढ़ती हैं, करंट अफेयर्स पर पूरी तरह से नजर रखती हैं।
शादी के बाद पढ़ाई व नौकरी
मीनाक्षी जैन की शादी एडवोकेट प्रदीप जैन से हुई है। उन्होंने शादी के बाद मेरठ कालेज से एलएलबी की पढ़ाई की। इकोनोमिक्स और एजुकेशन में एमए किया। पिछले साल वह उपभोक्ता न्यायालय में अधिकारी बनीं। उनके दो बेटे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।