Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शादी डॉट कॉम में ऑनलाइन रिश्ते बनवाकर निकालते थे दूल्हे का दिवाला

    By JagranEdited By:
    Updated: Fri, 09 Mar 2018 04:26 PM (IST)

    मेरठ। शहर के बच्चा पार्क स्थित स्टार प्लाजा में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वालों का गुरु

    शादी डॉट कॉम में ऑनलाइन रिश्ते बनवाकर निकालते थे दूल्हे का दिवाला

    मेरठ। शहर के बच्चा पार्क स्थित स्टार प्लाजा में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वालों का गुरुवार को राजफाश हुआ है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने यहां से नौ महिलाओं व एक युवक को पकड़ा है। उनके आफिस से 21 मोबाइल और रजिस्टर भी बरामद हुए है। सभी के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। यह राजफाश लालकुर्ती थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से किया है। महिलाएं हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों के लोगों को ठगती थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस तरह करते थे ठगी

    बड़ौत बागपत निवासी दीप्ति और कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र के गांव सिंभावली निवासी भारती शादी डॉट कॉम के नाम से यह आफिस चला रही थी। यह महिलाएं सोशल मीडिया के जरिए, अखबारों के जरिए विज्ञापन में अपना नंबर देती थी। युवक संपर्क करते थे तो उनसे लड़की को मिलवाने से पहले ही एकाउंट में पैसा जमा करा लेती थी। युवक आफिस में आते थे तो उन्हें लड़की दिखाने के लिए कहा जाता था। लड़की को दिखाने के लिए एक अलग केबिन में भेज देते थे। यहां पर अकेली लड़की होती थी। बातचीत के बाद लड़की शादी से इन्कार कर देती थी तो दिखाने के नाम पर पैसे मांगे जाते थे। जब युवक बोलता था कि उसने एकाउंट में पैसे जमा करा दिए है तो उसे दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इसके बाद युवक और पैसे देता था।

    आफिस से बरामदगी

    लालकुर्ती इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि महिलाओं के आफिस से 21 मोबाइल, दर्जनों रजिस्टर, मोहर आदि सामान बरामद हुआ है। सभी सामान और आफिस सील कर दिया है।

    हरियाणा के युवक ने पकड़वाया

    गुरुग्राम निवासी पूर्णसिंह पुत्र कुड़िया ने 2017 में इन महिलाओं से संपर्क किया। पूर्ण सिंह को लड़की से मिलवाने से पहले एकाउंट में 15 हजार रुपये ले लिए। बाद में एक लड़की से उसे मिलवाया तो शादी से इन्कार कर दिया। उसने एसएसपी को शिकायत दी थी। जिसके बाद इन महिलाओं के नंबर सर्विलांस पर लिए गए। इसके बाद यह राजफाश हुआ।

    20 फीसद मिलता था लड़कियों को पैसा

    लालकुर्ती एसओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि भारती और दीप्ति अग्रवाल कॉलेज की लड़कियों को अपने जाल में फंसाती थी। इन लड़कियों को कहा जाता था कि एक घंटा युवक से केवल बातचीत करनी है और उन्हें हजारों रुपये दिए जाएंगे। युवक से जो भी पैसे मिलते थे, उसका 20 फीसद पैसा युवतियों को दिया जाता था।

    अब तक 2000 से कर चुकी ठगी

    एएसपी सतपाल ने बताया कि फर्जी मैरिज ब्यूरो चलाने वाली महिलाएं पिछले तीन साल से यह धंधा कर रही है। इससे पहले भी भारती और दीप्ति नाम की महिलाएं दो स्थानों पर यह काम कर चुकी है। वह दोनों 2000 से अधिक युवकों को शादी कराने के नाम पर ठग चुकी है। शादी डॉट कॉम के अलावा इस संस्था का नाम संस्कार दीप मैट्रोमोनियल रखा हुआ था।