मेरठ में CM योगी: खेल विवि का किया निरीक्षण, सलावा में करीब 40 मिनट रुके; कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के सरधना क्षेत्र में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को समय से ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सरधना क्षेत्र के सलावा में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों को विश्वविद्यालय के सचिवालय सहित विभिन्न भवनों का निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत को सत्र शुरू करने पर विचार विमर्श करने के लिए कहा। उन्होंने कि इसी सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मंडल आयुक्त को भी हर 15 दिन पर विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट लेने को कहा है।

निरीक्षण को गाड़ी में बैठ निर्माणाधीन खेल विश्वविद्यालय पहुंचे सीएम
निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
पहले ही निर्माण कार्य कुछ दिनों से लेट हो चुका है। इसलिए मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की गति तेज करने को कहां है, जिससे बारिश शुरू होने से पहले अधिक से अधिक निर्माण कार्य पूरा किया जा सके। वर्तमान लक्ष्य के अनुसार पहले चरण का निर्माण कार्य मध्य नवंबर तक पूरा होना है।

वहीं दूसरे चरण का निर्माण कार्य भी मध्य दिसंबर तक पूरा हो जाना चाहिए। वर्तमान में करीब 55% निर्माण कार्य हो चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ बैठक में भारतीय घुड़सवारी संघ के पदाधिकारी संजय गुप्ता भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष खेल विश्वविद्यालय में घुड़सवारी का पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण दोनों शुरू करने का प्रस्ताव रखा।

बताया कि कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत स्वयं घुड़सवारी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा यह अच्छा सुझाव है और इसे जरूर शामिल किया जाना चाहिए। घुड़सवारी के अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी और तीरंदाजी सुविधाओं को भी यहां विकसित किए जाएंगे।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सभागार में पहुंचे मुख्यमंत्री
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की प्रगति का निरीक्षण करने के बाद सीएम मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचे। सलावा में सीएम लगभग 40 मिनट तक रुके। मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के सभागार में कार्यक्रम में शामिल हुए।


कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।