लोगों की आस्था का सागर है कांवड़ यात्रा, इस पर घटिया बयानबाजी न करें अखिलेश: केशव प्रसाद मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव और विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कांवड़ यात्रा पर की गई टिप्पणियों की आलोचना की और कहा कि सपा का पीडीए फार्मूला 2027 में विफल होगा। मौर्य ने भाजपा सरकार के सुशासन और विकास के एजेंडे पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ-साथ विपक्षी दलों पर करारा हमला बोला। कहा कि सपा समेत विपक्षी दलों के पास फिलहाल कोई मुद्दा नहीं है।
यही कारण है कि वह कांवड़ यात्रा को लेकर घटिया बयान बाजी कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा लोगों की आस्था का सागर है। इस पर बयानबाजी से अखिलेश यादव बाज आएं। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में सपा ने दुष्प्रचार करके कुछ सीटें हासिल कर ली थी, लेकिन अब जनता समझ गई है।
2027 में उप्र में सपा का कथित पीडीए पीडीए (पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक) फ्लाप साबित होगा। अखिलेश यादव का सरकार बनाने का सपना चकनाचूर हो जाएगा।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद मेरठ सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
कहा कि भाजपा सुशासन, विकास, सभी की सुरक्षा के मुद्दे पर 2027 का चुनाव लड़ेगी। इस चुनाव में हम 2017 के परिणाम को दोहराएंगे। देशभर में भाजपा को जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है। हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव इसके उदाहरण है। अब बिहार में भी भाजपा जदयू के शीर्ष नेता नीतीश कुमार के साथ बहुमत प्राप्त करने वाली है।
कहा कि जब से भाजपा की सरकार बनी है तभी से कांवड़ यात्रा हो या फिर अन्य धार्मिक कार्यक्रम और त्योहार। सभी का आयोजन सुरक्षित और बेहतर माहौल में कराया जा रहा है। फिर भी अखिलेश यादव साधु संतों और कथावाचकों पर टिप्पणी कर रहे हैं। समाज उन्हें इसका जवाब देगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ताजिया की ऊंचाई को लेकर लोगों को खुद समझना चाहिए। त्योहार मनवाने में सरकार उनके साथ है, लेकिन अव्यवस्था नहीं करने दी जाएगी। कांवड़ मार्गों के रेस्टोरेंट के मालिक नाम बदलकर लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इसे लेकर सरकार की मंशा स्पष्ट है।
धार्मिक भावनाओं के साथ खेलने का अधिकार किसी को नहीं है। हरिद्वार मार्ग पर तो 12 महीने श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। कहा कि कावंड़ यात्रा के दौरान शहरी क्षेत्र में रास्ते बंद होने से होने वाली परेशानी से बचने के लिए गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग के चौड़ीकरण के प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिल गई है। जल्दी इसके निर्माण से राहत मिलेगी।
भाषा को लेकर न हो गलत व्यवहार
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महाराष्ट्र में मराठी न बोलने पर हिंदी भाषियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर चिंता जताई। कहा कि पूरे देश में यदि किसी प्रदेश का व्यक्ति कहीं जाता है और उसे वहां की भाषा नहीं आती तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाना अनुचित है।
महाराष्ट्र में किया जा रहा अपमान सही नहीं है। सरकार छीन जाने से बौखलाए लोग यह काम कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी के साथ जिलाधिकारी डॉक्टर वीके सिंह सीडीओ नूपुर गोयल अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।