रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा, अग्निवीर में भर्ती नहीं हुए तो अन्य विकल्प चुनें युवक
रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने कहा अगर युवा सेना की अग्निवीर भर्ती में सफल नहीं हो पा रहे हैं तो निराश होने के बजाय अन्य क्षेत्रों में नौकरी का विकल्प चुनें। कपसाड़ गांव में पहुंचे रालोद अध्यक्ष ने विक्रांत के स्वजन को बंधाया ढांढस।

मेरठ, जागरण संवाददाता। अगर युवा सेना की अग्निवीर भर्ती में सफल नहीं हो पा रहे हैं तो निराश होने के बजाय अन्य क्षेत्रों में नौकरी का विकल्प चुनें। यह बात रालोद अध्यक्ष जयन्त चौधरी ने कही।
विक्रांत के परिवार को दी सांत्वना
बीते दिनों मुजफ्फरनगर में हुई अग्निवीर भर्ती में कपसाड़ गांव निवासी विक्रांत पुत्र सुनील का चयन नहीं हो सका था। बताया जाता है कि इस हताशा में उसने आत्महत्या कर ली थी। कपसाड़ गांव में शनिवार देर शाम पहुंचे जयन्त चौधरी ने विक्रांत के स्वजन को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
विक्रांत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देहात क्षेत्रों के काफी युवा सेना भर्ती के लिए जाते हैं। जिन युवकों का सेना में चयन नहीं हो पाए, वे निराश होने के बजाय अन्य क्षेत्रों में भविष्य बनाएं।
ग्रामीणों ने लगाया भर्ती में धांधली का आरोप
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि अग्निवीर की भर्ती मुजफ्फरनगर जैसे छोटे जिले में हुई है, जबकि यह मेरठ में भी हो सकती थी। ग्रामीणों ने अग्निवीर भर्ती में धांधलेबाजी का आरोप लगाते हुए इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाने की मांग की। इस पर जयन्त चौधरी ने भी भर्ती में धांधली पर सहमति जताते हुए इस मुद्दे को सदन में उठाने की बात कही।
रालोद महानगर अध्यक्ष बने दिलशाद और ग्रामीण के उज्जवल अरोड़ा
मेरठ: राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों की घोषणा के बाद राष्ट्रीय लोकदल ने शनिवार को महानगर पदाधिकारियों की घोषणा की। पार्टी आलाकमान ने नया प्रयोग किया है। महानगर के साथ मेरठ ग्रामीण पद बनाया गया है। मेरठ महानगर अध्यक्ष पर दिलशाद सैफी की नियक्ति की गई है। वहीं मेरठ ग्रामीण का अध्यक्ष उज्जवल अरोड़ा को बनाया गया है। उज्जवल अरोड़ा ने जनवरी 2022 में रालोद की सदस्यता ली थी। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस में रह चुके हैं। संयुक्त व्यापार संघ में वह सह कोषाध्यक्ष रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।