Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरनगर: इंडियन आइडल फेम फरमानी नाज के निर्माणाधीन मकान की जांच, हंगामा

    By Parveen VashishtaEdited By:
    Updated: Wed, 01 Jun 2022 12:51 PM (IST)

    Farmani Naaz मुजफ्फरनगर के मोहम्मदपुर माफी गांव में यूट्यूबर व इंडियन आइडल फेम गायिका फरमानी नाज अपने पिता के घर रह रही हैं। वह गांव में अपना मकान बना ...और पढ़ें

    Hero Image
    इंडियन आइडल फेम फरमानी नाज का फाइल फोटो

    मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। इंडियन आइडल फेम गायिका फरमानी नाज के निर्माणाधीन मकान की जांच-पड़ताल करने पहुंची तहसील की टीम पर दीवार गिराने का आरोप लगाते हुए लोगों ने हंगामा कर दिया। रतनपुरी पुलिस गांव में पहुंच गई। गायिका के स्वजन ने तहसील प्रशासन पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रशासन का दावा है कि तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। टीम इसी मामले की जांच करने पहुंची थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इंडियन आइडल के मंच तक पहुंचे थे भाई-बहन

    कुछ साल पहले फरमानी के चौका-चूल्हा करते हुए गाए गए गीत वायरल हुए थे और शोहरत दौड़ी चली आई थी। यूट्यूब पर फरमानी की पहली वीडियो को तीन दिन में ही नौ मिलियन लोगों ने देखा था। इसके बाद यूट्यूब पर उनके गीतों का सिलसिला शुरू हो गया। एक दिन मुंबई के इंडियन आइडल अधिकारियों का फोन आया। दो साल पहले फरमानी व उनके गायक भाई फरमान नाज मुंबई में इंडियन आइडल के मंच तक पहुंचे।

    अब पिता के घर रह रही हैं फरमानी

    रतनपुरी क्षेत्र के मोहम्मदपुर माफी गांव में यूट्यूबर व इंडियन आइडल फेम गायिका फरमानी नाज अपने पिता आरिफ के घर रह रही हैं। वह गांव में अपना मकान बना रही हैं। मकान का एक कमरा बन चुका है, सिर्फ छत बनना बाकी है। मंगलवार को खतौली तहसील से लेखपाल अमित राणा, रमेश गोयल, नरेंद्र धीमान के साथ कानूनगो बबलू कुमार मकान की जांच-पड़ताल करने पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान लेखपाल की टीम ने मकान पर लगा जंगला उखाड़ दिया और दीवार गिरा दी। इसे लेकर वहां हंगामा हो गया।

    वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल

    फरमानी ने स्वजन, सहयोगियों के साथ मिलकर प्रकरण का वीडियो बनाया और इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। स्वजन का आरोप है कि उन्हें मकान निर्माण करने को लेकर परेशान किया जा रहा है। रतनपुरी पुलिस गांव पहुंची और स्थिति को काबू किया। वहीं, कानूनगो बबलू कुमार ने बताया कि मकान अवैध रूप से बनाया जा रहा है। उधर, गायिका के भाई फरमान ने बताया कि जिस भूमि पर मकान निर्माण हो रहा है, वहां तालाब की भूमि नहीं है। तालाब की भूमि पर अन्य लोगों के मकान बने हैं। लेखपाल आदि उन्हें जान बूझकर परेशान कर रहे हैं। वह केंद्रीय राज्यमंत्री के साथ डीएम से शिकायत दर्ज कराएंगे।

    इन्‍होंने कहा

    फरमानी के स्वजन तालाब की भूमि पर अवैध रूप से मकान का निर्माण कर रहे हैं। उन्हें चेताया भी गया था, लेकिन निर्माण जारी रखा। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। दीवार गिराने और परिवार वालों को परेशान करने के आरोप निराधर हैं। टीम केवल वहां जांच-पड़ताल करने गई थी।

    जीत सिंह राय, एसडीएम खतौली