विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

होली और जुमा एक साथ, मेरठ में कितने बजे अदा की जाएगी नमाज? पुलिस ने किए सख्त इंतजाम

Published: Wed, 12 Mar 2025 04:00 PM (IST)

होली के त्योहार और जुमे की नमाज को देखते हुए मेरठ पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। दोपहर ...और पढ़ें

होली और जुमा एकसाथ - प्रतीकात्मक तस्वीर।
होली और जुमा एकसाथ - प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. सीसीटीवी कैमरों से भी पुलिस करेगी निगरानी
  2. दोपहर ढाई बजे के बाद होगी जुमे की नमाज

जागरण संवाददाता, मेरठ। होली के त्योहार पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। दोपहर ढाई बजे के बाद ही मस्जिदों में इस जुमे की नमाज अदा की जाएगी। उससे पहले लोग अपने घरों में नमाज अदा कर सकते हैं। मुस्लिम बहुल एरिया में सड़कों के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों का कनेक्शन थाना और चौकियों से कनेक्ट किया जाएगा। ताकि वहां बैठकर भी पूरे रूट की निगरानी की जा सके। इसके साथ ही मिश्रित आबादी वाले एरिया में ड्रोन उड़ाकर निगरानी की जाएगी।

होलिका दहन और होली के पर्व पर पीएसी और आरएएफ को भी शहर में लगा दिया है। एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने बताया कि होलिका दहन एवं होली पर थाने व चौकियों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में मूवमेंट करती रहेगी। क्लस्टर मोबाइल में थाना और चौकियों की फोर्स को हेलमेट एवं बाडी प्रोटेक्टर से लैस रखा जाएगा।

आरएएफ और पीएसी को भी मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगाया जाएगा। इसके लिए शहर और देहात को 14 जोन और 32 सेक्टर में बांट दिया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एसीएम और सीओ को दी गई है, जबकि सेक्टर पर थाना प्रभारी और प्रशासनिक अफसरों की जिम्मेदारी तय की गई है।

नमाज का बदला समय

मुस्लिम धर्म गुरुओं से बातचीत में सहमति हो गई कि दो बजे के बाद ही मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। मुस्लिम समाज के लोग उससे पहले घर पर नमाज अदा कर सकते हैं। कप्तान ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि किसी गैर परंपरागत स्थान पर कोई होलिका न रखी जाए, इसके लिए थाना प्रभारी एवं चौकी इंचार्ज जिम्मेदार होंगे।

इंटरनेट मीडिया पर भी रहेगी नजर

साइबर और सर्विलांस की टीम को इंटरनेट मीडिया पर निगरानी के लिए लगाया गया है। माहौल बिगाड़ने वाले वीडियो अपलोड कर टिप्पणी करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। इसके लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है, जो होलिका दहन से लेकर होली तक इंटरनेट मीडिया पर नजर रखेगी।

होली के त्योहार को एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशी से मनाएं। मुस्लिम समाज के लोग तय समय पर नमाज अदा करें। यदि कोई कानून व्यवस्था प्रभावित करेगा तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है, जो सादी वर्दी में निगरानी रखेगा। - डा. विपिन ताडा, एसएसपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।