Gurmeet Ram Rahim Singh : पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट से राहत पाने वाले डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर बागपत में संकट, होगी आश्रम की भूमि की पैमाइश
Gurmeet Ram Rahim Singh वन विभाग बागपत के बरनावा में डेरा सच्चा सौदा के आश्रम की भूमि की पैमाइश कराएगा। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इसको लेकर तैयारी में लगे हैं। सोमवार को ही एक टीम को यहां पर आश्रम की जमीन की पैमाइश करनी थी।
बागपत, जेएनएन। असली तथा नकली के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से राहत पाने वाले डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को पर बागपत में संकट मंडरा रहा है। बागपत में वन विभाग को अंदेशा है कि उनकी जमीन को डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा में मिलाया गया है। अब वन विभाग आश्रम की भूमि की पैमाइश करेगा। वन विभाग की टीम को सोमवार को ही पैमाइश करनी थी, लेकिन अब टीम बाद में आकर जमीन की नाप-जोख करेगी।
साध्वी के यौन शोषण के साथ ही एक अन्य हत्या के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह इन दिनों पेरौल पर है। वह बागपत में आश्रम में अपनी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत सिंह के साथ रह रहा है। इस दौरान वह फेसबुक पर लाइव होने के साथ अपने अनुयायियों से आश्रम में भेंट की करता है।
वन विभाग बागपत के बरनावा में डेरा सच्चा सौदा के आश्रम की भूमि की पैमाइश कराएगा। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी इसको लेकर तैयारी में लगे हैं। सोमवार को ही एक टीम को यहां पर आश्रम की जमीन की पैमाइश करनी थी, लेकिन अब यह काम मंगलवार या फिर बुधवार को होगा। डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के प्रबंधन को कई दिन पहले बड़ौत वन रेंजर ने नोटिस जारी कर ट्रांसफर हुई भूमि के अभिलेख मांगे थे। इसी क्रम में विभाग भूमि की पैमाइश करने जा रहा है। आजकल डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह बागपत में ही डेरा डाले है। यहां आश्रम में काफी भीड़ भी एकत्र होती है, इसी कारण आश्रम की सुरक्षा काफी कड़ी की गई है।
वन विभाग के पास नहीं है डेरा सच्चा सौदा को दी गई जमीन का रिकार्ड : बागपत में वन विभाग ने डेरा सच्चा सौदा आश्रम को कितनी जमीन दी और डेरा प्रबंधन से उसके बदले में कितनी भूमि ली, इसका वन विभाग के पास कोई हिसाब किताब नहीं है। यह मामला शनिवार को सुर्खियों में आ गया था। अपनी भूमि का पता करने के लिए वन रेंजर बड़ौत ने डेरा प्रबंधन को नोटिस जारी कर संबंधित भूमि के अभिलेख दिखाने को कहा है।
सैकड़ों बीघा भूमि पर हुई आश्रम की स्थापना : बरनावा गांव के जंगल में कई साल पहले सैकड़ों बीघा भूमि पर डेरा सच्चा सौदा आश्रम की स्थापना हुई थी। इसके बाद डेरा सच्चा सौदा आश्रम प्रबंधन ने किसानों की भूमि खरीदकर आश्रम का विस्तार किया। इसी दौरान कई एकड़ भूमि का वन विभाग और डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के बीच भी आदान-प्रदान हुआ था। विडंबना यह है कि वन विभाग के पास डेरा सच्चा सौदा आश्रम को दी गई भूमि का कोई रिकार्ड नहीं है।
आश्रम प्रबंधन पर लगे थे आरोप : डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा होने के बाद आश्रम प्रबंधन पर आरोप लगे थे कि उन्होंने वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। उस समय वन विभाग व राजस्व विभाग टीम ने जमीन की कई बार नापतौल कर खानापूर्ति की थी। कुछ दिन बाद यह मामला ठंडे बस्ते में चला गया। वन विभाग की अब फिर से नींद टूट गई है। रेंजर ने डेरा सच्चा सौदा आश्रम प्रबंधन को डाक के माध्यम से नोटिस भेजा है। वन रेंजर राजपाल सिंह ने बताया कि डेरा प्रबंधन को डाक से एक नोटिस भेजा गया है। इसमें वन विभाग से डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा को दी गई भूमि के अभिलेख मांगे गए हैं। वहीं डेरा सच्चा सौदा आश्रम के प्रवक्ता एडवोकेट जितेन्द्र खुराना ने कहा कि इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। वन विभाग का कोई नोटिस अभी नहीं मिला है।
इससे पहले डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के असली या नकली होने के मामले की जांच करने के लिए रविवार को रोहतक की पुलिस बिनौली थाना पहुंची और आमद दर्ज कराने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा में पड़ताल की। यहां पर रोहतक पुलिस ने आश्रम में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम से बातचीत कर कुछ अहम जानकारियां जुटाई। इस दौरान इंस्पेक्टर डीके त्यागी, सीओ डीके शर्मा भी मौजूद रहे। बातचीत के बाद पुलिस रोहतक लौट गई। सीओ ने बताया कि गुरमीत राम रहीम का कुछ असली-नकली का प्रकरण चल रहा है। उसी को लेकर रोहतक पुलिस डेरा बरनावा में आई थी और गुरमीत राम रहीम से मिलकर वापस लौट गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।