गंगा स्नान मेले में भैंसा-बुग्गी दौड़ पर लगा प्रतिबंध: मेरठ, बागपत, मोदीनगर के 11 युवा समूहों को नोटिस
हापुड़ जिला प्रशासन ने गढ़मुक्तेश्वर के गंगा स्नान मेले में भैंसा-बुग्गी दौड़ पर प्रतिबंध लगा दिया है। मेरठ, बागपत और ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेले में भैंसा-बुग्गी दौड़ प्रतिबंधित।
मेरठ, बागपत, मोदीनगर के 11 समूह चिह्नित, नोटिस जारी।
दुर्घटनाओं, पशु क्रूरता रोकने को प्रशासन का सख्त कदम।
जागरण संवाददाता, मेरठ। गढ़मुक्तेश्वर में गंगा स्नान मेले के दौरान युवाओं के ग्रुपों द्वारा भैंसा-बुग्गी दौड़ कराई जाती है। इनमें मेरठ, बागपत और मोदीनगर के ग्रुप शामिल हैं। हापुड़ जिला प्रशासन ने इस भैंसा-बुग्गी दौड़ पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
इसके लिए तीनों स्थानों के कुल 11 ग्रुपों को चिह्नित करके इन्हें दौड़ कराने से रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की गई है। इनके साथ ही पूर्व में दौड़ कराने वाले तथा इस संभावित युवाओं के नए समूहों को भी चिह्नित करके उनपर भी अंकुश लगाने के लिए कहा गया है। जिसपर जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीना द्वारा खुफिया पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर मंडलायुक्त, एडीजी के साथ साथ मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा और संभल के डीएम और एसएसपी को पत्र भेजकर यह मांग की गई है।
उत्तर भारत का प्रमुख मेला
बताया है कि गढ़मुक्तेश्वर का गंगा स्नान मेला पूरे उत्तर भारत का प्रमुख मेला है, जिसमें कई राज्यों के साथ साथ दूर-दूर से लोग शामिल होते हैं। इस बार मेला 15 से 26 नवंबर तक होगा। इस मेले के दौरान तथा मेले में आते समय कई मार्गों पर बड़ी संख्या में युवाओं के ग्रुप भैंसा-बुग्गी लाते हैं और उनकी दौड़ कराते हैं।
इसके लिए पशुओं को मादक पदार्थ खिलाकर भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर दौड़ाया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं में जनहानि और पशुहानि होती है। दुर्घटनाओं और पशु क्रूरता के इस सिलसिले को रोकने के लिए भैंसा-बुग्गी दौड़ पर सख्ती से रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने भी ऐसे आयोजनों पर प्रतिबंध लगाया है।
तीन जनपदों के 11 समूह चिह्नित
डीएम हापुड़ की रिपोर्ट के मुताबिक भैंसा-बुग्गी दौड़ मेरठ में तेजगढ़ी चौराहा से, मोदीनगर तथा बुलंदशहर में कई निर्धारित स्थानों से शुरू होती है। दौड़ कराने वालों में मेरठ के सात, मोदीनगर के तीन और बागपत के युवाओं के एक समूह को चिह्नित किया है।
करेंगे सख्ती, दिए जा रहे नोटिस
मंडलायुक्त ने सभी डीएम और पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई का आदेश दिया है।एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर ने बताया कि सभी एसडीएम तथा पुलिस अधिकारियों के माध्यम से चिह्नित समूहों को नोटिस देकर चेताया जा रहा है। इस बार दौड़ लगवाने का प्रयास करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
भैंसा-बुग्गी दौड़ लगाने वाले चिह्नित समूह
- भूरा सैनी गांव सैनी
- बलराम बड़ा गांव किठौर
- परतापुर के दो जत्थे
- भावनपुर थाने के छिलौरा गांव का एक जत्था
- मवाना थाने के पिलौना गांव का एक जत्था
- दौराला थाने के सिवाया गांव का एक जत्था
- रोहित गांव ककड़ीपुर बागपत
- गोलू गांव फपराना मोदीनगर
- गांव पतला निवाड़ी मोदीनगर से एक जत्था
- गांव तिबड़ा मोदीनगर से एक जत्था
यह भी पढ़ें- अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच सामने आए हरिद्वार के सप्तऋषि के हालात..! गंगा स्नान की राह में बह रहा सीवर का नरक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।