विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अर्धकुंभ की तैयारियों के बीच सामने आए हरिद्वार के सप्तऋषि के हालात..! गंगा स्नान की राह में बह रहा सीवर का नरक

Published: Wed, 11 Nov 2026 11:47 AM (IST)

हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में पिछले एक साल से सड़कों पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है, जिससे गंगा ...और पढ़ें

पिछले एक वर्ष से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी. Jagran

पिछले एक वर्ष से सड़कों पर बह रहा गंदा पानी. Jagran

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

शैलेंद्र गोदियाल, हरिद्वार। गंगा स्नान को आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत सप्तऋषि क्षेत्र में सीवर की गंदगी और दुर्गंध से हो रहा है। विडंबना यह है कि श्रद्धालु जिस रास्ते से गंगा स्नान के लिए जाते हैं, वापसी में भी उन्हें उसी गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। सप्तऋषि तिराहे से करीब 300 मीटर के दायरे में सीवर की गंदगी सड़कों में बह रही है।

सप्तऋषि, भूपतवाला क्षेत्र की अन्य गलियों में भी कमोबेश यही स्थिति है। पिछले एक वर्ष से बनी इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों के बीच धार्मिक पर्यटन के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र की बदहाल सीवर व्यवस्था हरिद्वार को सुव्यवस्थित व सुंदर बनाने की योजना की पोल खोल रही है।

निरीक्षण तो हुआ पर समस्या वहीं

हरिद्वार : सप्तऋषि क्षेत्र में सीवर की गंदगी से स्थानीय लोग और श्रद्धालु महीनों से परेशान हैं। इस बीच जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक का मौके पर आना-जाना लगा रहा। हर बार लोगों ने उम्मीद जताई कि अब समस्या का स्थायी समाधान होगा, लेकिन निरीक्षण के बाद नतीजा फिर वही ढाक के तीन पात।

कोई अधिकारी फोटो खिंचवाकर लौट गया तो किसी ने जल्द काम शुरू कराने का भरोसा दिया। कभी मशीन से सफाई हुई तो कभी सड़क पर मिट्टी और पत्थर डालकर इतिश्री कर ली गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के निरीक्षण व दौरों का आखिर हासिल कुछ नहीं मिला।

सीवर की समस्या से व्यापारियों और श्रद्धालुओं को रोज दो-चार होना पड़ रहा है। सुबह सात से नौ बजे के बीच सबसे अधिक गंदा पानी सड़क पर बहता है। श्रद्धालु गंदगी पार कर गंगा जाते हैं और लौटते समय भी इसी से गुजरते हैं। पिछले एक साल से व्यापार भी प्रभावित है। अधिकारी आते हैं, सफाई कराते हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं करते।
-राकेश व्यापारी सप्तऋषि हरिद्वार

काफी समय से सीवर और नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। पार्षद, महापौर और विधायक तक समस्या बता चुके हैं, लेकिन समाधान की तारीख किसी को पता नहीं। गंदगी और गड्ढों के कारण बाइक और रिक्शा चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। अधिकारी कभी मिट्टी तो कभी पत्थर डालकर चले जाते हैं।
-वीरू, मेडिकल स्टोर संचालक सप्तऋषि हरिद्वार

एक वर्ष से समस्या बनी हुई है। सीवर के साथ पानी की लाइन भी टूटी पड़ी है। अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। श्रद्धालुओं को गंदगी से होकर गंगा स्नान के लिए जाना पड़ता है। व्यापारी दिनभर दुर्गंध झेल रहे हैं। सीएम पोर्टल पर शिकायत के बावजूद राहत नहीं मिली।
- सतेंद्र चौहान, व्यापारी सप्तऋषि हरिद्वार

क्षेत्र में सीवर की समस्या ने स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी है। गंदगी और बदबू के कारण दुकानों पर ग्राहकों का आना प्रभावित हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होना जिम्मेदार विभागों की उदासीनता को दर्शाता है।
-संजय कुमार स्थानीय निवासी सप्तऋषि हरिद्वार

सप्तऋषि क्षेत्र में जो सीवर की गंदगी की समस्या बनी हुई है। वह नगर निगम से संबंधित नहीं है। इस संबंध में जल संस्थान जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से दिशा निर्देश भी दिए जा चुके हैं। साथ ही निगम की ओर से नोटिस भी दिया गया है। सीवर लाइन के सही होने के बाद वहां सड़क की मरम्मत का कार्य भी होना है।
- नंदन कुमार, नगर आयुक्त एवं अपर मेलाधिकारी हरिद्वार

यह भी पढ़ें- इंटरनेट मीडिया पर होगा हरिद्वार अर्धकुंभ का प्रचार, 107 दिन में 10 अमृत स्नान... ये है सूची

यह भी पढ़ें- हरिद्वार अर्धकुंभ: अस्थायी पुलों पर 9 करोड़ के खर्च पर उठे सवाल, पुराने पिलर मौजूद होने के बाद कैसे हुआ इतना खर्च

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।