गंगा एक्सप्रेसवे पर सरकारी एंबुलेंस में अचानक लगी आग, मौके पर मची अफरातफरी
मंगलवार दोपहर गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़खड़ी टोल प्लाजा के पास मरीजों को लेकर जा रही एक सरकारी एंबुलेंस में अचानक ...और पढ़ें
HighLights
चालक और ईएमटी ने कूदकर अपनी जान बचाई।
एंबुलेंस पूरी तरह जलकर राख, यातायात हुआ प्रभावित।
संवाद सूत्र, खरखौदा (मेरठ)। मंगलवार दोपहर गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़खड़ी टोल प्लाजा के पास मरीजों को लेकर मेरठ आई सरकारी एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
चालक और ईएमटी ने समय रहते एंबुलेंस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते एंबुलेंस आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई।
अमरोहा से सरकारी एंबुलेंस संख्या यूपी 32 एफजी 2716 मरीज को लेकर मंगलवार सुबह मेरठ मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। एंबुलेंस में ईएमटी प्रेम और चालक सतबीर मौजूद थे। मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने के बाद दोनों एंबुलेंस लेकर अमरोहा लौट रहे थे।
दोपहर करीब तीन बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़खड़ी टोल प्लाजा से कुछ मीटर आगे बढ़ते ही एंबुलेंस की वायरिंग में अचानक आग लग गई। खतरा भांपकर चालक और ईएमटी तुरंत बाहर निकल आए। उनके उतरते ही आग ने पूरी एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जल चुकी थी। गनीमत रही कि हादसे में चालक सतबीर और ईएमटी प्रेम सुरक्षित बच गए।
यह भी पढ़ें- एंबुलेंस बनी लेबर रूम, रास्ते में गूंजी बेटी की किलकारी; कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से हुआ सुरक्षित प्रसव
वहीं, घटना के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षा टीम ने दोनों ओर से वाहनों को रोककर स्थिति संभाली। थाना प्रभारी अजय अवाना का कहना है कि आग पर काबू पा लिया गया। चालक और इएमटी दोनों सुरक्षित हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।