Passport Verification: थाने बुलाकर न किया जाए पासपोर्ट वेरिफिकेशन, पुलिसकर्मी मौके पर जाकर करें जांच; DIG मेरठ के निर्देश
Meerut News: डीआईजी कलानिधि नैथानी ने परतापुर थाने का निरीक्षण कर पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए आवेदक को थाने न बुलाने का निर्देश दिया।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने परतापुर थाने का निरीक्षण किया।
कहा- सीओ सुनिश्चित करें कि पासपोर्ट की जांच मौके पर जाकर हो।
जागरण संवाददाता, मेरठ। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने परतापुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के रिकार्ड, माल खाने व परिसर का निरीक्षण किया। विवेचना निस्तारण व शस्त्रों को भी देखा। इस दौरान डीआइजी ने कहा कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन को आवेदक को थाने पर न बुलाया जाए। दिए गए पते पर जाकर जांच की जाए।
उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि वह महिला संबंधी शिकायतों का खुद निस्तारण करें। गुरुवार दोपहर डीआईजी कलानिधि नैथानी थाना परतापुर पहुंचे। उन्होंने यहां ग्राम प्रहरियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। उन्हें अपने क्षेत्र में सक्रिय व चौकस निगाह बनाए रखने को कहा। डीआइजी ने कहा कि सभी सिपाही अपनी बीट क्षेत्र में सक्रिय रहे। वह लगातार ग्राम चौकीदारों से बातचीत करते रहे।
सीओ सुनिश्चित करें कि पासपोर्ट की जांच मौके पर जाकर की जा रही है। सीओ व थाना प्रभारी मिशन शक्ति केंद्र के कार्यों का नियमित निरीक्षण करें। यूपी 112 पर प्राप्त होने वाले महिला संबंधी शिकायत को मिशन शक्ति केंद्र के रजिस्टर में दर्ज करें। इस पर की गई कार्यवाही का लगातार फीडबैक लें। पुराने जर्जर भवन की पत्रावली तैयार कर इसका निस्तारण कराए। थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को शस्त्रों के बारे में जानकारी दें। इसके रख रखाव व प्रयोग समय-समय पर कराएं।
चुनाव से पहले शस्त्र रजिस्टर का डीएम कार्यालय से मिलान कराएं। थानों को मिले गैर जमानती वारंट की प्रतिदिन मानिटरिंग करें। थाने में जब्त माल का निस्तारण तेजी से कराया जाए। उन्होंने शस्त्रों के अच्छी जानकारी पर दारोगा विपिन मिश्रा को पुरस्कृत किया। डीआइजी ने मैस, बैरक, थाना कार्यालय, मालखाना, शस्त्रागार, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क का मुआयना किया। इस दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले, एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार और सीओ रामप्रकाश आदि मौजूद रहे।
