IPS अविनाश पांडेय पर मारपीट का आरोप लगाने वाले दिग्विजय भाटी का कार्रवाई से इनकार, इस यू-टर्न पर क्या बोले साथी माेहित?
Meerut News: सपा नेता दिग्विजय भाटी ने आइपीएस अविनाश पांडेय और तत्कालीन इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ पर मारपीट के आरोप मामले ...और पढ़ें

दिग्विजय भाटी का फाइल फोटो।
HighLights
दिग्विजय भाटी और मोहित जाटव पिटाई प्रकरण में नया मोड़।
19 अगस्त को लगाया था मारपीट का आरोप।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आइपीएस अविनाश पांडेय पर मारपीट और तत्कालीन इंस्पेक्टर सिविल लाइन अखिलेश गौड़ पर यातनाएं देने का आरोप लगाने के मामले में सपा नेता दिग्विजय भाटी ने जांच अधिकारी डीआइजी सहारनपुर अभिषेक सिंह को शपथ पत्र देकर कार्रवाई कराने से इन्कार किया है। शपथ पत्र में लिखा है कि वह कोई कार्रवाई मामले में नहीं चाहते हैं। यह चोट स्कूटी गिरने से लग गई थी।
इस बात से भाटी का साथी मोहित जाटव आहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाटी ने भले ही समझौता कर लिया हो लेकिन वह आइपीएस और यातनाएं देने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे। हालांकि, इसकी पुष्टि न दिग्विजय भाटी और न किसी पुलिस अधिकारी ने की है। भारतीय किसान यूनियन बीआर आंबेडकर के अध्यक्ष डा. दिग्विजय भाटी और उनके साथी मोहित कुमार ने आइपीएस अविनाश पांडेय से 19 अगस्त को उनके कार्यालय पर मिलने के लिए गए थे।
आरोप था कि एसएसपी अविनाश पांडेय ने अपने कैबिन में मोहित जाटव और दिग्विजय भाटी की पिटाई की। जिससे दिग्विजय भाटी की आंख पर गंभीर चोट लगी थी। तभी सिविल लाइन थाने के तत्कालीन प्रभारी अखिलेश गौड़ को पहले पुलिस लाइन भेजा और फिर सस्पेंड कर दिया। भाटी और मोहित ने अखिलेश गौड़ पर यातनाएं देने का आरोप लगाया था। साथ ही सपा विधायक अतुल प्रधान ने पत्रकार वार्ता की थी, जिसमें दोषी अधिकारी और पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
अतुल प्रधान ने एडीजी भानु भास्कर से मिलकर भी सख्त कार्रवाई की मांग की थी। तब एडीजी ने मामले की जांच डीआइजी सहारनपुर अभिषेक सिंह को सौंप दी थी। मामले की जांच सहारनपुर डीआइजी कर रहे हैं। वह मेरठ आकर साक्ष्य भी जुटाकर ले गए थे। भाटी और मोहित के बयान भी दर्ज किए गए थे। पहले इस मामले में आइपीएस अविनाश पांडेय और तत्कालीन सिविल लाइन इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ और उनकी टीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग रखी थी।
मोहित जाटव ने एक वीडियो में कहा कि दिग्विजय भाटी ने डीआइजी सहारनपुर के समक्ष इस मामले में शपथ पत्र दिया है। शपथ में स्पष्ट लिखा है कि वह इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं। जिसका विरोध भी शुरू हो गया है। भाटी के साथ पीटने वाले मोहित जाटव ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। मोहित ने कहा कि भाटी ने इस मामले में समझौता कर लिया, लेकिन वह अपनी पूरी कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
मोहित जाटव ने कहा कि वह पिटाई करने वाले अधिकारी और पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने तक लड़ाई लड़ेंगे। इसके साथ ही भाटी की इस हरकतों के चलते मोहित जाटव ने भारतीय किसान यूनियन बीआर अंबेडकर के जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। एडीजी भानु भास्कर का कहना है कि जल्द ही जांच पूरी कर डीआइजी अपनी रिपोर्ट देंगे। डीआइजी को शपथ पत्र देने वाला मामला जानकारी में नहीं है।
