पुलिस गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने पर महिला सिपाही रेनू चौधरी को मिली पदोन्नति, रोशन किया जिले का नाम
महिला आरक्षी रेनू चौधरी को पुलिस नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हेड कांस्टेबल के पद पर पदोन्नत किया गया है।

रेनू चौधरी की पदोन्नति होने पर पदचिन्ह लगाते एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, साथ में मौजूद एएसपी दीक्षा भोरिया। सौ. पुलिस
HighLights
महिला आरक्षी रेनू चौधरी को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति मिली।
पुलिस नेशनल गेम्स में आर्म रेसलिंग में स्वर्ण पदक जीते।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने रेनू चौधरी को सम्मानित किया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पुलिस नेशनल गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी रेनू चौधरी को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया है। सोमवार को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने अपने कार्यालय में रेनू चौधरी को पद चिह्न लगाकर सम्मानित किया और भविष्य में भी उत्कृट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली रेनू चौधरी 2016 में उप्र पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थी। वह आर्म रेसलिंग (पंजा लड़ाना) की खिलाड़ी है। पुलिस में भर्ती होने के बाद भी उन्होंने अपना खेल जारी रखा है। उन्होंने पुलिस गेम्स में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
2021 में जापान में होने वाली पुलिस गेम्स अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनका चयन हुआ था। उसी समय कोरोना आने पर प्रतियोगिता कैंसिल हो गई थी। इसके बाद उन्होंने 2025 में लुधियाना में आयोजित पुलिस नेशनल गेम्स में स्वर्ण जीता।
इसी वर्ष हरियाणा के करनाल में आयोजित आल इंडिया प्रतियोगिता में भी स्वर्ण जीता। 2026 में भोपाल में आयोजित पुलिस नेशनल गेम्स में भी स्वर्ण जीतकर उप्र पुलिस का नाम रोशन किया। लगातार नेशनल प्रतियोगिता में स्वर्ण जीतने पर उन्हें हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया है। महिला आरक्षी रेनू चौधरी की इस उपलब्धि से जिले का नाम रोशन हो गया है।