UP Circle Rates: मेरठ में बढ़ेंगे डेढ़ गुणा से ज्यादा सर्किल रेट, डिफेंस-साकेत के दाम जान तो उड़ गए होश
मेरठ में संपत्तियों के सर्किल रेट को लेकर असमंजस खत्म हो गया है। जिला प्रशासन ने प्रस्तावित दरों का प्रकाशन कर दिया है जिसमें डिफेंस कालोनी और साकेत में सबसे ज्यादा वृद्धि का प्रस्ताव है। सामान्य रूप से 20% और कुछ क्षेत्रों में दो गुना तक वृद्धि प्रस्तावित है। लोग 9 जून तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।

जागरण संवाददाता, मेरठ। संपत्तियों के सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर चली आ रही असमंजस गुरुवार को आखिरकार समाप्त हो गई। जिला प्रशासन ने संपत्तियों के बाजारी रेट के व्यापक सर्वे के बाद तैयार किए गए प्रस्तावित रेट का प्रकाशन कर दिया।
कोई भी व्यक्ति इन्हें जनपद की वेबसाइट पर, डीएम, एडीएम वित्त, एआइजी निबंधन और संबंधित उप निबंधक कार्यालय में देखकर अपनी आपत्ति 9 जून दर्ज करा सकता है। जिला प्रशासन इन आपत्तियों का निस्तारण करके सर्किल रेट को लागू करेगा।
प्रस्तावित दरों में डिफेंस कालोनी, साकेत की दरों को डेढ़ गुणा से भी ज्यादा प्रस्तावित किया गया है। नए रेट एक लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित हैं। जबकि कई कालोनियों की दरें दो गुणा तक प्रस्तावित की गई हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में संपत्ति की दरों को 40 प्रतिशत तक अधिक बढ़ाने का प्रस्ताव है।
जनपद में आवासीय, व्यवसायिक, औद्योगिक, मुख्य मार्ग, कांप्लेक्स, बहुमंजिला आवासीय इमारतों, कृषि भूमि आदि श्रेणियों की संपत्तियों के लिए नए सर्किल रेट प्रस्तावित किए गए हैं। इसके लिए एक महीने से ज्यादा समय तक सर्वे किया गया। सर्वे के बाद भी इस बार सर्किल रेट बढ़ाने को लेकर असमंजस था। यह असमंजस गुरुवार को प्रस्तावित दरों के प्रकाशन के साथ ही खत्म हो गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर प्रस्तावित दरों को जनपद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया। डीएम, एडीएम वित्त, एआइजी निबंधन और सभी उप निबंधक कार्यालयों पर इन्हें उपलब्ध कराया गया है। जहां कोई भी व्यक्ति इन्हें देख सकता है और अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्ति के लिए 9 जून तक का समय रखा गया है।
प्रस्तावित सर्किल रेट की खास बातें
- - सामान्य रूप से 20 प्रतिशत की वृद्धि सर्किल रेट में प्रस्तावित की गई है।
- - कई कालोनियों की दरों को दो गुणा तक तो कई कालोनियों की दरों को डेढ़ गुणा से भी ज्यादा प्रस्तावित किया गया है।
- - शहर के प्रमुख बाजारों में मुख्य मार्गों पर सर्किल रेट 40 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है।
- - शास्त्रीनगर में संपत्तियों की दरें 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव है।
- - ग्रामीण क्षेत्रों में सर्किल रेट में ज्यादा वृद्धि नहीं की गई है।
- - कुछ गांवों में सर्किल रेट में परिवर्तन नहीं किया गया है।
सबसे ज्यादा यहां बढ़ेंगे सर्किल रेट
स्थान का नाम | वर्तमान दर | प्रस्तावित दर |
---|---|---|
अग्रसेन विहार | 12,000 | 25,000 |
लक्ष्मी विहार | 12,500 | 26,000 |
साईं नगर | 12,600 | 27,000 |
चाणक्यपुरी | 18,500 | 27,000 |
डिफेंस कॉलोनी | 63,000 | 1,00,000 |
साकेत | 63,000 | 1,00,000 |
श्रीराम पैलेस दिल्ली रोड | 33,000 | 41,000 |
इन्होंने कहा--
व्यापक सर्वे के बाद संपत्तियों के सर्किल रेट प्रस्तावित किए गए हैं। इन प्रस्तावित दरों को जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद की वेबसाइट व अन्य कार्यालयों में प्रकाशित कर दिया गया है। आम जनता 9 जून तक इनपर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकती है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद नई दरें लागू की जाएंगी। -सूर्यकांत त्रिपाठी, एडीएम वित्त
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।