खुर्द चौकी इंचार्ज-दारोगा समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित; नाम हटाने में सौदेबाजी का ऑडियो वायरल, DIG ने की कार्रवाई
मेरठ में जमीन विवाद से जुड़े मामले में आरोपितों के नाम हटाने के लिए रिश्वत मांगने के आरोप में चौकी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
जमीन विवाद में रिश्वत मांगने का आरोप लगा।
चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित हुए।
रिश्वत सौदेबाजी का ऑडियो इंटरनेट पर वायरल।
जागरण संवाददाता, मेरठ। फर्जी दस्तावेजों से जमीन की संपत्ति दानपत्र के जरिए अपने नाम दर्ज कराने के मामले में आरोपितों को चौकी में बैठाने और उनसे 20 हजार रुपये मांगने के आरोप में चौकी प्रभारी समेत तीन दारोगा निलंबित कर दिए गए। मुकदमे से आरोपितों के नाम हटाने के बदले रकम मांगने की सौदेबाजी का ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने ऑडियो पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद तीनों दारोगाओं पर कार्रवाई की गई।
ग्राम पहाड़पुर निवासी सिपाही कपिल देव ने आरोप लगाया कि भाई राहुल काकरान के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनके मुताबिक, राहुल काकरान, अमित कुमार, सतपाल सिंह और सचिन कुमार ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन अपने नाम दानपत्र के रूप में दर्ज करा ली।
जमीन के मुकदमे से आरोपितों के नाम निकालने के लिए मांगे थे 20 हजार
कपिल देव के अनुसार, जमीन से जुड़े दस्तावेजों में 20 अगस्त 2025 और तीन जुलाई 2026 को फर्जीवाड़ा किया गया। मवाना थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद विवेचना मवाना खुर्द चौकी पर तैनात दारोगा नीरज कुमार को दी गई। आठ सितंबर को मुकदमा दर्ज होने के बाद चौकी प्रभारी विकास कुमार, दारोगा नीरज कुमार और दीवान सचिन कुमार ने आरोपितों को थाने में बुलाया।
ऑडियो इंटरनेट पर प्रसारित होने पर डीआईजी ने कार्रवाई के दिए थे आदेश
आरोप है कि मुकदमे से नाम हटाने के नाम पर उनसे रकम की सौदेबाजी की गई। इस दौरान आरोपित पक्ष ने मोबाइल से बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली। बाद में पक्ष के कुछ लोग रिकॉर्डिंग लेकर डीआईजी से मिले और ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी को कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी समेत तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए है।
यह भी पढ़ें- एक बार फिर बदलेगा यूपी का मौसम: मेरठ में 24-25 को बारिश से बढ़ेगी ठंड, नवंबर में सर्दी का आगमन
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड नीट यूजी स्ट्रे वेकेंसी राउंड: एमबीबीएस-बीडीएस सीटों का शेड्यूल जारी, 21 तक करें आवेदन
