श्रमिकों के मेधावी बच्चों को आगे बढ़ाएगी चेतन चौहान खेल योजना
श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में मंडलीय अधिकारियों ने श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। अध्यक्ष ने कहा कि श्रम विभाग सैनिकों के उत्थान के लिए 8 तरह की योजनाओं को संचालित कर रहा है।

मेरठ, जागरण संवाददाता। सर्किट हाउस में शुक्रवार की दोपहर श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला ने श्रम विभाग के मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उद्यमियों की समस्याओं को लेकर भी मंथन किया गया। साथ ही विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिको तक पहुंचाने को लेकर निर्देशित किया गया। इस दौरान कुछ समय के लिए पहुंचे डीएम दीपक मीणा ने भी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
श्रम कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुनील भराला की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में मंडलीय अधिकारियों ने श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई। अध्यक्ष ने कहा कि श्रम विभाग सैनिकों के उत्थान के लिए 8 तरह की योजनाओं को संचालित कर रहा है। जिसमें मुख्य रूप से श्रवण कुमार पर्यटन योजना और चेतन चौहान खेल योजना प्रमुखता से शामिल हैं। श्रवण कुमार पर्यटन योजना के तहत श्रमिक परिवार के छह सदस्यों को धार्मिक यात्रा कराने का प्रावधान है। प्रत्येक परिवार के सदस्य को ₹2000 की सहायता दी जाएगी। ऐसे ही श्रमिकों के मेधावी बच्चों को खेलकूद में आगे बढ़ाने के लिए चेतन चौहान खेल योजना शुरू की गई है। योजना के तहत जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को 25000 राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वालों को 50,000 और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वालों को 75000 रुपए की मदद दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वालों को ₹100000 प्रदान किए जाएंगे। उधर, समीक्षा बैठक में पहुंचे डीएम दीपक मीणा ने बताया कि श्रमिकों से संबंधित और उद्यमों से संबंधित हर समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन हर समय तैयार है। अगर किसी को भी किसी तरह की कोई परेशानी है तो उन्हें सीधे अवगत कराया जा सकता है। डीएम ने मौके पर ही श्रम विभाग के अधिकारियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।