सीबीएसई बोर्ड: अंग्रेजी के पेपर से पहले सिर्फ एक दिन का गैप, छात्रों की बढ़ी परेशानी
सीबीएसई बोर्ड 2027 की 10वीं कक्षा की डेटशीट में अंग्रेजी पेपर से पहले सिर्फ एक दिन का गैप छात्रों की चिंता बढ़ा रहा है।

HighLights
अंग्रेजी पेपर से पहले केवल एक दिन का गैप।
छात्रों को अंतिम रिवीजन में हो सकती है परेशानी।
प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी से 13 फरवरी तक।
जागरण संवाददाता, मेरठ। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के शेड्यूल ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। कक्षा 10वीं की डेटशीट के अनुसार, 24 फरवरी को कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंफार्मेशन टेक्नोलाजी (आईटी) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की परीक्षा निर्धारित है, जबकि इसके ठीक दो दिन बाद यानी 26 फरवरी को अंग्रेजी (कम्युनिकेटिव और लैंग्वेज एंड लिटरेचर) का पेपर होना है। दोनों परीक्षाओं के बीच मात्र एक दिन का गैप होने से विद्यार्थियों के सामने पाठ्यक्रम के अंतिम रिवीजन और तैयारी को लेकर परेशानी हो सकती है।
सीबीएसई सिटी कोआर्डिनेटर सुधांशु शेखर ने बताया कि बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। कक्षा 10 की परीक्षाएं नौ मार्च तक चलेंगी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाओं का समापन नौ अप्रैल को होगा। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू होंगी। जिले से करीब 16,500 विद्यार्थी कक्षा 10 और 14,300 विद्यार्थी कक्षा 12 की परीक्षा में शामिल होंगे।
एक जनवरी से होंगे प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट
सीबीएसई ने कक्षा 10 और 12 के प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं एक जनवरी से 13 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। स्कूलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रैक्टिकल और आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
सुधांशु शेखर के अनुसार, बोर्ड ने इस बार परीक्षा कार्यक्रम पहले जारी किया है, ताकि विद्यार्थियों और स्कूलों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। स्कूल अन्य कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम और नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया समय से तय कर सकेंगे। विद्यार्थी भी डेटशीट के अनुसार अपनी पढ़ाई और रिवीजन की योजना बना पाएंगे, जिससे परीक्षा का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र बनाए गए विद्यालय अपनी नियमित शैक्षणिक गतिविधियों की पहले से योजना बना सकेंगे। बोर्ड ने शिक्षकों की लंबे समय तक अनुपस्थिति से बचने का भी ध्यान रखा है, ताकि स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां प्रभावित न हों।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।