Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    जाट और युवा वोट साधने को भाजपा ने मोहित बेनीवाल पर खेला दांव, बनाया क्षेत्रीय अध्‍यक्ष Shamli News

    By Prem BhattEdited By:
    Updated: Sat, 29 Aug 2020 08:06 AM (IST)

    भाजपा में जातिगत समीकरण देखें तो जिले में ठाकुर मंत्री हैं। वहीं शामली विधानसभा क्षेत्र से जाट विधायक जबकि सांसद गुर्जर बिरादरी से हैं। यहीं से जिलाध् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    जाट और युवा वोट साधने को भाजपा ने मोहित बेनीवाल पर खेला दांव, बनाया क्षेत्रीय अध्‍यक्ष Shamli News

    शामली, [अनुज सैनी]। भले ही विधानसभा चुनाव में अभी दो साल का समय है लेकिन भाजपा ने मिशन-2022 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत पार्टी हाईकमान ने वेस्ट यूपी में खासा दखल रखने वाले जाट वोट बैंक को लुभाने और युवाओं को खुश करने के लिए मोहित बेनीवाल पर दांव खेला है।हाल में भाजपा ने संगठन में फेरबदल किया तो प्रदेश कार्यकारिणी में शामली को नजरंदाज कर दिया गया। लेकिन हाईकमान ने क्षेत्रीय महामंत्री मोहित बेनीवाल को पश्चिम उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोनीत कर इस कमी को पूरी कर दिया है। अभी तक इस पद पर अश्वनी त्यागी कार्यरत थे।

    जाट चेहरे को तव्‍वजो

    भाजपा में जातिगत समीकरण देखें तो जिले में ठाकुर मंत्री हैं। वहीं शामली विधानसभा क्षेत्र से जाट विधायक, जबकि सांसद गुर्जर बिरादरी से हैं। यहीं से जिलाध्यक्ष पद पर भी जाट चेहरा है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ही जाट चेहरा है। वेस्ट यूपी में जाटों की तादाद ठीक ठाक है। जिले में रालोद व सपा ने जाट जिलाध्यक्ष बनाकर जाट वोट बैंक को पुख्ता करने की कोशिश की है। जाट बिरादरी के मोहित बेनीवाल को भाजपा का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाने को भी इसी नजरिए से देखा जा रहा है।

    आइटी सेल, रैली व बूथ मैनेजमेंट के मास्टर हैं बेनीवाल

    जिले के गांव खेड़ा गदई निवासी मोहित बेनीवाल ने आइआइटी दिल्ली से बीटेक के बाद कुछ साल अमेरिका में नौकरी की। इसके बाद भाजपा में सक्रिय राजनीति में आ गए। क्षेत्रीय मंत्री व क्षेत्रीय महामंत्री के बाद अब क्षेत्रीय अध्यक्ष बने मोहित रैलियों व बूथ मैनेजमेंट के साथ आइटी सेक्टर के मास्टर माने जाते हैं। उन्होंने 2014 में आइटी वार रूम व चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2017 में बिजनौर में आठ विस के चुनाव प्रभारी रहे। 2019 में लोकसभा चुनाव रैली समन्वयक, पश्चिम उप्र में पीाएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की रैलियां कराईं। गंगोह विस उप चुनाव में संगठन प्रभारी के साथ मतदाता पंजीकरण अभियान के प्रदेश संयोजक, पश्चिम के आइटी प्रशिक्षण समन्वयक भी रहे हैं।