अशोक ध्यानचंद से जानिए खेल विश्वविद्यालय से कैसे विश्वस्तरीय हो सकता है खिलाड़ियों का प्रदर्शन
sports university Meerut हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक ध्यानचंद ने कहा कि अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए बारीक जानकारी होना बहुत जरूरी है। जब बच्चे खेल का सिलेबस पढ़ेंगे तभी उन्हें इससे जुड़े हर पहलू की जानकारी होगी।

मेरठ, अमित तिवारी। आज कुछ समय बाद गांव सलावा में प्रधानमंत्री मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक ध्यानचंद का कहना है कि जब स्पोर्ट्स स्कूलों का संचालन होगा तभी खेलों की नींव मजबूत होगी।
फोन पर हुई विशेष बातचीत में ओलिंपियन और स्टार हाकी खिलाड़ी रहे अशोक ध्यानचंद ने कहा कि एकेडमिक स्कूलों की तर्ज पर स्पोर्ट्स स्कूलों का संचालन शुरू किया जाए। स्कूल में खेल की बारीकी सीखकर निकलने वाले खिलाड़ी जब आधुनिक खेल विवि तक पहुंचेंगे तो उनका प्रदर्शन विश्वस्तरीय होगा।
मिलेगी दिशा तो सुधरेगी दशा
अशोक ध्यानचंद के अनुसार एकेडमिक स्कूलों में जिस तरह तरह-तरह के विषयों की क्लास चलती है उसी तरह खेल विद्यालय में खेल से संबंधित विषयों को बच्चों को शुरू से ही पढ़ाने की जरूरत है। अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए बारीक जानकारी होनी बहुत जरूरी है। जब बच्चे खेल का सिलेबस पढ़ेंगे तभी उनमें खेल से जुड़े हर पहलू की जानकारी होगी। स्नातक में पहुंचकर बीपीएड करने पर मिलने वाली जानकारी स्कूल स्तर पर ही मिल सकेगी। ऐसी जानकारी के साथ जब खिलाड़ी प्रतियोगिताओं की तैयारी करेंगे तो नतीजा सर्वश्रेष्ठ होगा।
हर बच्चा समान सिलेबस के लायक नहीं
उन्होंने कहा कि हर बच्चे में सीखने, समझने की क्षमता, रुचि अलग होती है। एकेडमिक स्कूलों में समान सिलेबस हर बच्चे को पढ़ाया जाता है। इनमें पढ़ाई या खेल में अच्छे बच्चे होते हैं। राजस्थान में ट्राइबल बच्चों को पढ़ा रहे अशोक ध्यानचंद के अनुसार विभिन्न प्रतिभाओं को एक ही पाठ पढ़ाना उन पर ज्यादती करना है।
700 करोड़ की लागत से होगा निर्माण
गांव सलावा में हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से 36.98 हेक्टेयर जमीन में विश्वविद्यालय का निर्माण होगा। यहां ओलिंपिक खेल जैसे-हाकी, वालीबाल, ट्रैक एंड फील्ड, शूटिग रेंज, जैवेलिन थ्रो, भारोत्तोलन व कुश्ती आदि के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी। भारत के परंपरागत खेलों का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।