Suniel Shetty: सुनील शेट्टी की झलक पाने को उमड़ा बिजनौर, हर घर तिरंगा कार्यक्रम में दिखा जोश
बिजनौर जिले के नजीबाबाद में आयोजित कार्यक्रम में अभिनेता सुनील शेट्टी के पहुंचते ही पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि एक जनवरी 2023 को नजीबाबाद चीनी मिल की क्षमता वृद्धि को मूर्त रूप दिया जाएगा।

बिजनौर, जागरण संवाददाता। नजीबाबाद में बालीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी की मौजूदगी में हुए हर घर तिरंगा कार्यक्रम में लोगों में राष्ट्रप्रेम का जोश भर दिया। सुनील शेट्टी ने डायलाग सुनाकर लोगों का मनोरंजन भी किया। उनकी एक झलक पाने को नगर के साथ-साथ जिलेभर से लोग उमड़ पड़े। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने किसान सहकारी चीनी मिल की क्षमता वृद्धि शीघ्र कराए जाने की घोषणा की।
रविवार को नजीबाबाद-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक फार्म हाउस पर नगर के फिल्म निर्माता व भाजपा कार्यकर्ता वसीम कुरैशी की ओर से आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित हुआ। मंच पर जैसे ही अभिनेता सुनील शेट्टी पहुंचे तो गड़गड़ाहट से पंडाल गूंज उठा। उन्होंने बार्डर व धकड़न फिल्म का डायलाग सुनाया। उन्होंने कहा कि हम किसी की धरती की ओर देखते नहीं, लेकिन हम इतने भी नालायक नहीं कि कोई घर में घुस आए..., अंजलि तुम्हारे बिना मैं जी नहीं सकता... डायलाग सुनाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं शायर अबुजर नवेद ने वसीम कुरैशी ने कलाम पेश कर समां बांध दिया।
नागरिक अपने घर पर फहराएं तिरंगा: लक्ष्मी नारायण
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आजादी का जश्न के लिए हर घर तिरंगा फहराने के अभियान के घोषणा की है। 13 से 15 अगस्त तक नागरिक अपने घर पर तिरंगा फहराएं। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से चीनी मिल नजीबाबाद की क्षमता वृद्धि की मांग कर रहे हैं। एक जनवरी 2023 को चीनी मिल की क्षमता वृद्धि को मूर्त रूप दिया जाएगा।
सबका साथ सबका विकास की सोच पर काम करती है भाजपा: कश्यप
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री सीताराम कश्यप ने कहा कि भाजपा सबका साथ सबका विकास की सोच पर काम करती है। सरकार की कल्याणकारी योजना का लाभ प्रत्येक वर्ग को मिल रहा है। हर घर तिरंगा फहराने को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। वहीं फिल्म निर्माता व निर्देशक वसीम कुरैशी ने मंच से फ्री एंबुलेंस लेने की घोषणा की और भाजपा नेता व गणमान्य लोगों के साथ फीता काटकर फ्री एंबुलेंस का तोहफा नगरवासियों को दिया।
प्रदीप डेजी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में मुफ्ती वजाहत कासमी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, पूर्व सांसद कुंवर भारतेंद्र सिंह, राजीव अग्रवाल, मुकुलरंजन दीक्षित, लवी अग्रवाल, हाजी मोहम्मद यूनुस कुरैशी, इफरान कुरैशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग
कार्यक्रम मे आए बालीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी की एक झलक पाने के लिए लोग बेचैन रहे। पुलिस को उन्हें काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ता।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।