बॉलीवुड अभिनेत्री कायनात अरोड़ा के ताऊ के घर 30 लाख की चोरी, भतीजे की शादी में गया था परिवार
आइआइए के पूर्व चेयरमैन उद्यमी व वरिष्ठ भाजपा नेता केएल अरोड़ा के घर नौकर ने ही तीस लाख का सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे। भाजपा नेता केएल अरोड़ा बॉलीवुड अभिनेत्री कायनात अरोड़ा के ताऊ हैं।

सहारनपुर, जेएनएन। आइआइए के पूर्व चेयरमैन उद्यमी व वरिष्ठ भाजपा नेता केएल अरोड़ा के घर नौकर ने ही तीस लाख का सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य शादी समारोह में गए हुए थे। भाजपा नेता केएल अरोड़ा बॉलीवुड अभिनेत्री कायनात अरोड़ा के ताऊ हैं। पुलिस ने डाग स्क्वाड के साथ घर व आसपास का मुआयना किया। एसएसपी ने उद्यमी के घर जाकर चोरी के संबंध में जानकारी की और जल्दी ही फरार नौकर को पकड़ने का आश्वासन दिया।
ऐसे हुई जानकारी
नगर कोतवाली अंतर्गत लिंक रोड के मोहल्ला ज्वाला नगर में आइआइए के पूर्व चेयरमैन कृष्ण लाल अरोड़ा का परिवार रहता है। सोमवार रात उनके भतीजे मयंक अरोड़ा की अंबाला रोड स्थित एक रिसोर्ट में शादी थी। अरोड़ा के मुताबिक पूरा परिवार रात करीब साढे 9 बजे शादी समारोह में गया था। घर पर दिनेश नाम का उनका नौकर ही अकेला था। रात करीब 1:30 बजे उनका एक भतीजा पीयूष अरोड़ा किसी काम से घर आया तो देखा कि घर के सब ताले अलमारी वगैरह खुली पड़ी थी और नौकर गायब था। पीयूष ने केएल अरोड़ा को सूचना दी।
जानकारी पर पहुंची पुलिस
परिवार के लोग शादी छोड़कर घर आए और नगर कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। केएल अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 15 दिन पहले ही दिनेश को अपने यहां नौकर रखा था। वह नेपाल का रहने वाला है और उसे बहादुर भी कहते थे। इससे पहले परमानंद नामक व्यक्ति भी उनके यहां दो साल तक काम कर चुका है। इनके आपस के संबंधों के कारण ही उन्होंने दिनेश को अपने यहां रखा था।
सोने चांदी समेत 30 लाख की चोरी
उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर घर में चोरी की और फरार हो गया। सुबह के समय केएल अरोड़ा ने अपने नौकर दिनेश व उसके साथियों के खिलाफ चोरी करने की तहरीर थाना नगर कोतवाली में दी। तहरीर के मुताबिक घर से सोने चांदी के जेवर व नकदी समेत करीब 30 लाख का सामान गायब है। जिसकी सूची बाद में दी जाएगी। एसएसपी डा. एस चन्नप्पा ने कहा कि रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। दिनेश की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
शादी में अभिनेत्री भी आईं हुई थीं
बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री कायनात अरोड़ा भी शादी में शामिल हुईं थी। इनके साथ पूरा परिवार शादी में शामिल हुआ था। चोरी की जानकारी हुई तो परिवार वहां से सीधे घर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। बता दें कि अभिनेत्री कायनात आरोड़ा बॉलीवुड की कई फिल्मों ग्रैंड मस्ती, खट्टा- मीठ्ठा जैसी फिल्मों में मुख्य किरदार निभा चुकी हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।