विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 30, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मऊ में घर के सामने खुले नाले में गिरने से मासूम की मौत , सबकी जुबान पर एक ही बात- काश! पटिया होती...

Published: Mon, 30 Dec 2024 08:47 PM (IST)

मऊ के बड़ागांव निवासी शिव कुमार राजभर के तीन वर्षीय बेटे अभय की सोमवार सुबह खुले नाले में गिरने से ...और पढ़ें

बड़ागांव में मासूम की नाले में गिरने से मौत के बाद विलाप करते स्वजन : जागरण
बड़ागांव में मासूम की नाले में गिरने से मौत के बाद विलाप करते स्वजन : जागरण

संवाद सूत्र, घोसी (मऊ)। घोसी के बड़ागांव में राजभर बस्ती निवासी शिव कुमार राजभर के तीन वर्षीय पुत्र अभय कुमार की घर के सामने खुले नाले में गिरने से सोमवार की सुबह लगभग दस बजे मृत्यु हो गई। घटना के बाद स्वजन में मातम छा गया। कोतवाली पुलिस ने पिता शिव कुमार की तहरीर पर नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर लिया है।

शिवकुमार का घर बड़ागांव में उत्तरी वार्ड में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे है। उसके घर के सामने नगर पंचायत का खुला नाला है। सोमवार की सुबह अभय खेलता हुआ घर से कुछ दूर नाले के समीप पहुंच गया और उसमें गिर गया। उधर उसकी मां सरिता उसे खोजने लगी।

पता न चलने पर उसके पिता व पडोसी भी मासूम की तलाश करने लगे। सुबह लगभग दस बजे वह नाले में गिरा दिखा। स्वजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होते ही पूरे मुहल्ले के नागरिक उसके घर पर जुट गए।

मृतक मासूम के घर के बाहर जुटी भीड़ व इसी नाले में गिरकर हुई थी मौत : जागरण

सरिता छाती पीटकर दहाड़े मारने लगी, जबकि पिता शिवकुमार को मानों काठ मार गया। पुलिस को दी गई तहरीर में शिव कुमार ने बेटे की मृत्यु का कारण नाले का खुला होना बताया है। उसने कई बार अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के समक्ष नाला ढकने के बाबत आवेदन किया था पर कोई कार्रवाई न हो सकी।

काश! नाले पर हाेती पटिया

नगर पंचायत ने कुछ स्थानों पर नाले पर पटिया तो रखा है पर शिव कुमार के घर के समीप नाला खुला है। मासूम की मृत्यु के बाद सबकी जुबान पर एक ही बात थी कि नाले पर पटिया होती तो शायद मासूम असमय काल कवलित न होता। शिव कुमार के तीन पुत्रों में अभय सबसे छोटा था। उससे बड़े दो भाई अरूण व आर्यन है।

भाजपा नेता ने दी सांत्वना

बड़ागांव में नाले मेें गिरने से मासूम की मृत्यु की सूचना पर क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया जीतू व अभय तिवारी आदि ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।