कोहरे ने थामी जिदगी की रफ्तार
जागरण संवाददाता घोसी (मऊ) बीते तीन दिनों से तेजी से घट रहे तापमान एवं गलन से इंसान पशु-

जागरण संवाददाता, घोसी (मऊ) : बीते तीन दिनों से तेजी से घट रहे तापमान एवं गलन से इंसान, पशु-पक्षी एवं फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पारा काफी नीचे आने के साथ ही गलन बढ़ गई है। दोपहर हो या शाम, सुबह हो या रात, आसमान में बस कोहरे की चादर ही तनी हुई नजर आती है। दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप भले निकल रही है पर तापमान में गिरावट के चलते लोग घरों से आवश्यक कार्य पड़ने पर ही बाहर निकल रहे हैं।
मौसम का रुख ऐसा कि कोहरे की चादर से गलन निकल रही है। दोपहर बाद धूप उपस्थिति भी दर्ज कराने से इंकार कर रही है। गनीमत है कि ठंडी हवा नहीं चल रही है। दिन में तापमान 15 -23 डिग्री के बीच रह रहा है तो भोर में 14 डिग्री तक आ जा रहा है। तापमान में तेजी से हो रहा उतार-चढ़ाव मनुष्य ही नहीं जानवरों के लिए भी बेहद खतरनाक है। इंसान तो अपना बचाव कर ले रहा है। पर जानवर मानव के रहमोकरम पर है। उधर इन दिनों लगन काफी तेज है। बारात निकलने में तनिक भी देर हुई तो सड़क पर कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए गंतव्य तक काफी देर से पहुंच रहे हैं। इन दिनों बारात में भोजन के बाद वापस आने की परंपरा को बाराती निभा तो रहे हैं पर भोर में पहुंचते हैं। शाम होते ही लगन के वाहनों की सड़़क पर लंबी कतार लग जाती है। कोहरे के बीच तनिक सी चूक हुई तो हश्र की कल्पना की जा सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।