Ghosi By Election Result: BJP के दारा सिंह, SP के सुधाकर किसके सिर सजेगा जीत का ताज, 1 बजे तस्वीर होगी साफ
Ghosi By Election Result 2023 घोसी सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी के दारा सिंह चौहान का सपा के सुधाकर सिंह से के बीच सीधा मुकाबला है। सपा और भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए अपनी ताकत झोंक दी है। लोकसभा चुनाव 2024 को देखते हुए इस उपचुनाव परिणाम से एनडीए और आईएनडीआईए गठबंधन की भी परीक्षा है।

मऊ, जागरण संवाददाता। घोसी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। चुनाव का परिणाम एनडीए व आइएनडीआइए गठबंधन के दमखम की भी परीक्षा है। यह उपचुनाव लोकसभा-2024 चुनाव के पूर्व दलों का खुद की ताकत आंकने का भी सियासी मैदान साबित हो रहा है।
यह चुनाव पूर्वांचल में सुभासपा की ताकत का भी अहसास कराएगा। यहां सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच है। शुक्रवार दोपहर बारह बजे तक परिणाम को लेकर रुझान स्पष्ट होने लगेगा। वहीं दो से तीन बजे तक मतगणना का परिणाम आने की संभावना है। सपा विधायक रहे दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने से घोसी विधानसभा सीट रिक्त हुई थी।
इसके बाद दारा सिंह चौहान भाजपा में चले गए। भाजपा नेतृत्व ने उन्हें घोसी से ही प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा तो सपा ने सुधाकर सिंह पर दांव लगाया है। यहां पांच सितंबर को हुए मतदान के दौरान कुल 50.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। पूरे मतगणना कक्ष को सीसीटीवी कैमरे से लैस करने के साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा कड़ी की गई है। वहीं दूसरी ओर भाजपा व सपा कार्यकर्ताओं के बीच गुरुवार को दिनभर कयासों का दौर जारी रहा।
भड़काऊ पोस्ट करने पर बीएलओ समेत दो गिरफ्तार
घोसी विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के दौरान बीएलओ (बूथ लेवल अफसर) मो. जावेद द्वारा वर्ग विशेष को भड़काकर मतदान कराने का पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में पुलिस ने सख्ती बरतते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जांच में दोषी मिलने पर उनके सहयोगी मो. आजमी खां को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई कि मतदान के दिन बीएलओ ने हिंदू वर्ग के कुछ मतदाताओं को मतदाता पर्ची नहीं दी थी। गिरफ्तार बीएलओ और उनके सहयोगी घोसी स्थित मदरसा अरबिया वसीयतुल उलूम में अध्यापक हैं। मतदान के लिए मो. जावेद की ड्यूटी खैरिया फैजेआम मदरसे में लगी थी।
पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने बताया कि बीएलओ के संबंध में गोपनीय शाखा द्वारा जांच कराए जाने पर कई मामले सामने आए हैं। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को कार्मिक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रेषित की गई है

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।