Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    एकादशी की परिक्रमा रुकी, 18 घंटे से स्थिर यमुना का जलस्तर; मथुरा DM ने बाढ़ पीड़ितों को भाेजन खिला बंधाई हिम्मत

    Updated: Wed, 03 Sep 2025 01:04 PM (IST)

    मथुरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है हालांकि पिछले 18 घंटों से यह स्थिर है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग में पानी भरने से परिक्रमा पर रोक है। डीएम ने बाढ़ राहत केंद्रों का निरीक्षण किया और प्रभावितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। भारी बारिश के चलते स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

    Hero Image
    Mathura News: डीएम ने जयसिंहपुरा स्थित बाढ़ राहत केंद्र का किया निरीक्षण।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। यमुना में जलस्तर 18 घंटे से स्थिर है। खतरे के निशान 166 मीटर से 40 सेमी अधिक जलस्तर है। नौहझील क्षेत्र के कई घरों में पानी पहुंचने लगा है। वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर पानी आ जाने के कारण परिक्रमा लगाने पर रोक है। सोमवार को ताजेवाला बैराज से छोड़ा गया पानी आज रात से कल सुबह तक पहुंचने की आशंका है। इससे हालत और खराब होंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं इससे पहले डीएम सीपी सिंह ने जयसिंहपुरा स्थित विश्व मानव रूहानी केंद्र में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का निरीक्षण मंगलवार को किया। उन्होंने व्यवस्थाएं देखते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को भोजन खिलाया और कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन के पास पर्याप्त इंतजाम हैं।

    डीएम ने खाने की गुणवत्ता देखी। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी को कोई परेशानी न हो। मच्छरों से बचाव के लिए लोगों को मच्छरदारी दें। डीएम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों से वार्ता की। उनकी समस्याओं के जल्द निस्तारण के आदेश दिए।

    विधायक व एसडीएम ने सदर क्षेत्र के प्रभावित क्षेत्र का जाना हाल

    डीएम ने बाढ़ शरणालय के रसोईघर, पेयजल, मोबाइल टायलेट, मेडिकल टीम, विद्युत आपूर्ति आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लाइट एवं पंखे लगाने, लगातार स्वास्थ्य परीक्षण व केंद्रों पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने, सफाई व एंटी लार्वा के छिड़काव, पशुओं को सुरक्षित स्थान पर भेजने व उनके चारे की व्यवस्था किए जाने के लिए कहा। क्षतिग्रत मकानों एवं फसलों का सर्वे कर मुआवजा देने का भरोसा दिलाया। एडीएम एफआर पंकज कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार, सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी मौजूद रहे।

    विधायक मेघश्याम सिंह व एसडीएम सदर अभिनव जे़ जैन ने तहसील सदर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव रांची बांगर, कोयला अलीपुर, करनावल एवं बाद का निरीक्षण किया। बाढ़ की संभावना को देखते हुए तहसील स्तर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    12वीं तक के स्कूल आज व कल रहेंगे बंद

    भारी बारिश व बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिले के सभी 12वीं तक के विद्यालय तीन व चार सितंबर को बंद रहेंगे। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल बंद किए जाने के आदेश दिए हैं। आदेश सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होंगे।

     एकादशी को नहीं लगेगी वृंदावन की परिक्रमा

    तीन सितंबर को एकादशी के अवसर पर वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंचकोसीय परिक्रमा करने आते हैं। इस समय परिक्रमा मार्ग में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए एसडीएम सदर अभिनव जे़ जैन ने तीन सितंबर एकादशी से अग्रिम आदेश तक वृंदावन में लगने वाली परिक्रमा पर रोक लगा दी है।

     ये है प्रशासन की एडवायजरी

    : 1-रेडियो, टीवी, स्थानीय लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव व पुलिस से बाढ़ के बारे में जानकारी प्राप्त करते रहें।

    2-संबंधित अधिकारियों द्वारा बताए जाने पर समय से अपने सामान व पशुओं के साथ शेल्टर होम में विस्थापित हो जाएं।

    3-जरूरी कागजात एवं आवश्यक सामान वाटरप्रूफ बैग में रख लें।

    4- हल्की खाने की सामग्री भी अपने साथ रखें।

    5- बाढ़ चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाओं, बच्चों, वृद्धों, दिव्यांगजनों व बीमार व्यक्त्तियों को शेल्टर होम में पंहुचायें।

    6-पुलिस, प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

    7- जलप्लावित स्थानों से दूर रहें। पानी में न जायें।

    8- संयम एंव धैर्य बनाये रखें।

    9-विषम परिस्थिति में अपने एसडीएम, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी से संपर्क करें।

    बाक्स : विषम परिस्थितियों में इन नंबरों पर करें संपर्क

    - 112, 108, जिला कंट्रोल रूम 0565-2974934, 0565-2972962, 0565-2972964, 0565-2972963,

    एसडीएम मथुरा 9454417728, एसडीएम छाता 9454417730,

    एसडीएम मांट 9454417397, एसडीएम महावन 9454417729,

    एसडीएम गोवर्धन 9454417727, तहसीलदार मथुरा 9454417732,

    तहसीलदार छाता 9454417735, तहसीलदार मांट 9454417736,

    तहसीलदार महावन 9454417387, तहसीलदार गोवर्धन 9454417391, डीएम कार्यालय 0565-2403200,

    बाढ़ कंट्रोल रूम 0565-2974934, 0565-2972962, 0565-2972964, 0565-2972963।