Mathura Flood Update: 40 गांवों के 7000 लोग प्रभावित... रौद्र रूप में यमुना, जलस्तर ने तोड़ा 2023 का रिकॉर्ड
यमुना का जलस्तर बढ़कर 167.44 मीटर तक पहुंच गया है जो 2023 की बाढ़ के स्तर को पार कर गया है। रिफाइनरी के पास के गांवों और वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में पानी भर गया है। मथुरा में घाटों के पार पानी बाजारों में घुस गया है जिससे दुकानों को नुकसान हुआ है। 40 से अधिक गांव प्रभावित हैं और 7000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

जागरण संवाददाता, मथुरा। यमुना अब रौद्र रूप में हैं। शनिवार की रात 10 बजे तक यमुना का जलस्तर 167.30 मीटर तक पहुंच गया था। रविवार की सुबह तक यमुना का जलस्तर बढ़कर 167.44 मीटर पहुंच गया। इससे वर्ष 2023 में आई बाढ़ में हुए जलस्तर का रिकॉर्ड टूट गया है। वर्ष 2023 मेंं आई बाढ़ के दौरान यमुना का जलस्तर 167.37 मीटर रहा था।
रिफाइनरी के पास के गांवों में भरा पानी
रविवार को रिफाइनरी के समीप के गांवों में पानी भर गया। वृंदावन में परिक्रमा मार्ग समेत कई गलियों में पानी भर गया है। मथुरा शहर में यमुना किनारे बने घाट क्रास कर पानी बाजार मार्ग में बढ़ रहा है। कई दुकानों पर पानी घुसने से दुकानदारों ने सामान समेट लिया।
सात हजार से अधिक लोग प्रभावित
लगातार पानी का स्तर बढ़ रहा है। 40 से अधिक गांवों में पानी पहुंच गया, जिससे सात हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कई मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। अब लोग वर्ष 1978 में आई बाढ़ का रिकार्ड टूटने की आशंका जता रहे हैं। 1978 में यमुना का जलस्तर 169.72 मीटर जलस्तर पहुंचा था।
परिक्रमा मार्ग पर पानी, केशीघाट की ओर लगा प्रतिबंध
परिक्रमा मार्ग के कालीदह क्षेत्र में चार फुट तक पानी सड़क पर आ गया है। परिक्रमा मार्ग पर आवागमन पर पहले से ही रोक है, अब केशीघाट की ओर जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। खादर में बसी कालोनियों में कई फीट पानी भर जाने के कारण लोगों न छतों पर डेरा डाल लिया है। दारुक पार्किंग में पानी भर जाने वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गया। यमुना का पानी परिक्रमा मार्ग को पार कर अब नगर के रिहायशी क्षेत्रों में घुस गया है। ज्ञानगुदड़ी के चारों ओर दो फीट पानी भर गया है।
घरों और आश्रमों में पानी घुसने लगा
टटिया स्थान मार्ग, गुरुकुल मार्ग, चार संप्रदाय मार्ग पर पानी आ जाने से लोगों के घरों और आश्रमों में भी पानी घुसने लगा है। इन मार्गों पर एक फीट पानी भर गया है। परिक्रमा मार्ग से लगे घरों और आश्रमों और मुहल्लों में पानी यमुना का पानी घुस आने से लोगों को बाढ़ का खतरा दिखने लगा है। पुलिस ने परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह स्टापर लगाकर आवागमन पर रोक लगा दी है।
केशीघाट सहित नगर के घाटों के मार्गों पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है। श्याम कुटी कॉलोनी, श्याम नगर, केशव नगर, श्रीजी वाटिका के निचले इलाकों में बने मकानों में आठ फीट पानी भर गया है। प्रशासन ने नाव से बाढ़ पीड़ितों को भोजन पहुंचाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।