वृंदावन शोध संस्थान मना रहा 59वीं वर्षगांठ, संरक्षित हैं 30 हजार पांडुलिपियां ब्रज की अनमोल धरोहर
वृंदावन शोध संस्थान अपनी 59वीं वर्षगांठ मना रहा है, जो ब्रज की साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजता है। संस्थान में हिंदी, बंगला, संस्कृत, गुरुमुखी और उड़िया साहित्य की लगभग 30 हजार पांडुलिपियां संरक्षित हैं, जो शोधार्थियों के लिए महत्वपूर्ण हैं।

वृंदावन शोध संस्थान। फाइल फोटो
HighLights
वृंदावन शोध संस्थान मना रहा अपनी 59वीं वर्षगांठ
संस्थान में 30 हजार से अधिक पांडुलिपियां संरक्षित
ब्रज की साहित्यिक, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। ब्रज की साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजने वाला वृंदावन शोध संस्थान अपनी स्थापना के 59 वर्ष पूरे करने जा रहा है। ‘ग्रंथ प्रभु के विग्रह हैं’ ध्येय वाक्य के साथ वर्ष 1968 में स्थापित संस्थान का स्थापना दिवस 24 और 25 नवंबर को मनाया जाएगा। दो दिवसीय समारोह में व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी, श्रीकृष्ण नृत्य नाटिका, चरकुला, मयूर नृत्य और फूलों की होली आकर्षण होंगे।
संस्थान अध्यक्ष आरडी पालीवाल ने बताया कि पहले दिन गोपाल सहस्रनाम और सुंदरकांड पाठ के साथ संस्थापक डा. रामदास गुप्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। श्रीचैतन्य महाप्रभु के वृंदावन आगमन के 511वें उत्सव पर परिचर्चा और सांस्कृतिक प्रदर्शनी भी लगेगी।
निदेशक डॉ. राजीव द्विवेदी के अनुसार 25 नवंबर को स्मृति व्याख्यान, सम्मान समारोह और विद्यार्थियों का ब्रजभाषा काव्य पाठ होगा। शाम को श्रीकृष्ण नृत्य नाटिका और पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति होगी।
30 हजार पांडुलिपियां हैं अनमोल धरोहर
संस्थान की स्थापना स्व. डॉ. रामदास गुप्त ने वर्ष 1968 में विहार पंचमी के दिन लोई बाजार स्थित नारायण धर्मशाला में की थी। उद्घाटन तत्कालीन केंद्रीय मंत्री डॉ. कर्ण सिंह ने किया था। संस्थान में हिंदी, बंगला, संस्कृत, गुरुमुखी और उड़िया साहित्य की लगभग 30 हजार पांडुलिपियां संरक्षित हैं। ये पांडुलिपियां देश-विदेश के शोधार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।