मथुरा में सूर श्याम गोशाला बनी 1500 गोवंशियों का सहारा, एक बछिया से खड़ा हुआ गोसेवा का वटवृक्ष
मथुरा के चंद्र सरोवर स्थित सूर श्याम गोशाला में 1500 गोवंशी को आश्रय मिला है, जिसकी नींव 1989 में एक बछिया से रखी गई थी।

मथुरा: सूर श्याम गोशाला में संरक्षित गोवंशी। फोटो जागरण
HighLights
सूर श्याम गोशाला 1500 गोवंशी का आश्रय स्थल बनी।
1989 में एक बछिया से शुरू हुई थी गोसेवा की यात्रा।
गोपाष्टमी पर चंद्र सरोवर में गोचारण लीला का आयोजन।
रसिक शर्मा, मथुरा। जहां कभी सूरदास जी की भक्ति और साधना के स्वर गूंजते थे, वहां आज गोसेवा की ऐसी मिसाल जीवंत है, जो सेवा और समर्पण की प्रेरणा दे रही है। ब्रज की इसी पावन धरा पर एक बछिया से शुरू हुआ गोसेवा का सफर आज 1500 गोवंशी के संरक्षण का वटवृक्ष बन चुका है।
वृद्ध, बीमार और असहाय गोवंशी को आश्रय देने वाली सूर श्याम गोशाला भगवान श्रीकृष्ण की गोचारण लीला की स्मृतियों को सहेजने के साथ गोसेवा की परंपरा को भी आगे बढ़ा रही है। गोपाष्टमी पर यहां गोपूजन के साथ चंद्र सरोवर में गोचारण लीला का आयोजन होगा।
एक बछिया से शुरू हुआ सेवा का सफर
महारास स्थली चंद्र सरोवर स्थित सूर श्याम गोशाला की स्थापना के पीछे तीन संतों की गोवंशी के प्रति अगाध श्रद्धा रही है। जूनागढ़ के पुरुषोत्तम महाराज की प्रेरणा से वर्ष 1989 में भाद्रपद शुक्ल पक्ष की दशमी को गोशाला की नींव रखी गई।
संत गणेश दास भक्तमाली जी और गो उपासक संत ठाकुर दास जी ने एक बछिया के साथ गोसेवा का शुभारंभ किया। धीरे-धीरे यह सेवा अभियान विस्तार लेता गया और आज यहां करीब 1500 गोवंशी को आश्रय मिल रहा है।
खुद सादगी से रहे, दूसरों को गोसेवा का संदेश दिया
ब्रह्मलीन संत ठाकुर दास जी का पूरा जीवन गोवंशी की सेवा के लिए समर्पित रहा। छोटी सी कुटिया में रहकर उन्होंने स्वयं सेवा की और भक्तों को भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उनका मानना था कि गोसेवा केवल संपन्न लोगों का दायित्व नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार इसमें योगदान दे सकता है।
वह भक्तों से कहते थे कि रोजमर्रा के खर्च में थोड़ी कटौती करके भी गोमाता की सेवा की जा सकती है। यदि कोई दिन में तीन बार चाय पीता है तो दो बार पीकर बची धनराशि गोसेवा में लगा सकता है। एक रुपये का नियमित योगदान भी सेवा के बड़े अभियान का हिस्सा बन सकता है।
गोपाष्टमी पर जीवंत होगी द्वापर की स्मृति
कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण और बलराम पहली बार गाय चराने वन में गए थे। इसी स्मृति में ब्रज में गोमाता का पूजन किया जाता है।
17 नवंबर को गोपाष्टमी पर घरों और मंदिरों में गोपूजन होगा। चंद्र सरोवर में गोचारण लीला का आयोजन द्वापरयुग की स्मृतियों को जीवंत करेगा। श्रद्धालु गोमाता की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
यह भी पढ़ें- अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा पर नजर: यूपी चुनाव पर अहम बैठक, आएंगे नितिन नवीन और सीएम योगी
यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में उमड़ी भक्तों की अपार भीड़, मथुरा में लगा जाम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।