विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या-काशी के बाद अब मथुरा पर नजर: यूपी चुनाव पर अहम बैठक, आएंगे नितिन नवीन और सीएम योगी

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:41 AM (GMT+05:30)

भाजपा 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मथुरा में 16-17 नवंबर को चिंतन बैठक करेगी। इस बैठक ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. भाजपा 2027 यूपी चुनाव की रणनीति पर मथुरा में बैठक

  2. राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठक में होंगे शामिल

  3. अयोध्या-काशी की तर्ज पर मथुरा विकास पर होगा जोर

जागरण संवाददाता, मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा अब कान्हा की नगरी से सियासी संदेश देने की तैयारी में है। अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा को लेकर पार्टी की रणनीतिक सक्रियता बढ़ती दिख रही है। इसी कड़ी में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व 16 और 17 नवंबर को यहां दो दिवसीय चिंतन बैठक करेगा। इसमें पार्टी के 35 से 40 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

17 नवंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी बैठक में मौजूद रहेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस मंथन में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों को साधने पर चर्चा होने की संभावना है।

राजनीतिक मायने में अहम बैठक

भाजपा की इस बैठक के राजनीतिक मायने भी काफी अहम माने जा रहे हैं। पार्टी अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के बाद अब मथुरा को अपनी वैचारिक और राजनीतिक प्राथमिकताओं के केंद्र में रखने का संदेश देना चाहती है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुद्दा लंबे समय से भाजपा की राजनीति के महत्वपूर्ण विषयों में शामिल रहा है। ऐसे में यहां शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी को केवल संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं माना जा रहा।

16-17 नवंबर को भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा चिंतन बैठक

इसी वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या और काशी की तर्ज पर मथुरा के भव्य विकास का संकेत दिया था। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद से ब्रज क्षेत्र में विकास और धार्मिक पर्यटन को लेकर सरकार की भावी योजनाओं पर चर्चा तेज हुई है। अब पार्टी के शीर्ष नेताओं की चिंतन बैठक को इसी राजनीतिक और वैचारिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा रहा है। कृष्ण नगरी से भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को भी साधने की रणनीति बना सकती है।

धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ क्षेत्रीय संगठन, जातीय समीकरण, किसान मुद्दे और आगामी चुनाव की चुनौतियां भी बैठक के एजेंडे में रह सकती हैं। पार्टी नेतृत्व के लिए यह बैठक ब्रज क्षेत्र में संगठन की स्थिति का आकलन करने और चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का अवसर भी होगी।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी का मेरठ दौरा आज: पूर्व सैनिक सम्मेलन को करेंगे संबोधित, 15 वीर नारियों का होगा सम्मान

जल्द होगा आयोजन स्थल का निर्णय

फिलहाल बैठक के आयोजन स्थल का अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। हालांकि वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर और परखम स्थित दीनदयाल धाम को संभावित स्थलों के रूप में देखा जा रहा है। स्थान चयन को लेकर संगठन स्तर पर मंथन जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 16 और 17 नवंबर को बैठक होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े पार्टी पदाधिकारी भी चिंतन बैठक में शामिल होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।