Mathura Accident: यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर कोच बस पलटी, 50 यात्री घायल; दिल्ली से झांसी जा रही थी गाड़ी
Mathura Accident यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक स्लीपर कोच बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। झांसी की ओर जा रही तेज रफ्तार बस माइल स्टोन 135 पर अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे 50 यात्री घायल हो गए। घायलों में से आठ की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना तड़के करीब 4 बजे हुई जब ज्यादातर यात्री सो रहे थे।

जागरण संवाददाता, मथुरा। Mathura Accident: बलदेव क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 135 पर झांसी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच अनियंत्रित होकर पलट गई। यह हादसा तड़के करीब चार बजे हुआ, जब बस में सवार यात्री गहरी नींद में थे।
हादसे के समय बस की रफ्तार काफी अधिक बताई जा रही है। इससे ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार 50 यात्री चोटिल हुए है। इनमें से आठ गंभीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक यात्री का पैर कट गया है।
दिल्ली से झांसी जा रही थी बस
दिल्ली के सराय काले खा से शुक्रवार रात 12 बजे 50 से अधिक सवारियां लेकर एक निजी बस झांसी की ओर जा रही थी। बलदेव क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन 135 पर तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर दो बार पलटी खा गई। हादसे के दौरान बस में सो रहे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर आधा दर्जन एंबुलेंस के साथ पुलिस टीम पहुंच गई।
एक यात्री का पैर काटना पड़ा
पुलिस ने 40 से अधिक चोटिल यात्रियों को प्राथमिक उपचार देकर रवाना कर दिया। वहीं आठ गंभीर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें मुरैना के यात्री मोनू रावत का डाक्टरों ने पैर काटा है। वहीं भिंड के प्रीतम, छतरपुर की रुबी, धनपत, दीपक, श्रीचंद, मनीष और पुष्पेंद्र का इलाज जारी है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।