संत प्रेमानंद: गुरु गौरांगी शरण के जन्मदिन पर वृंदावन पहुंचे, ढोल-बैंड के साथ स्वागत करने पहुंच गए भक्त
संत प्रेमानंद गुरु गौरांगी शरण के जन्मदिन पर वृंदावन पहुंचे। उनके आगमन पर भक्तों की भारी भीड़ ने ढोल-बैंड के साथ उनका स्वागत किया।

गुरु गौरांगी शरण के जन्मदिन पर शनिवार सुबह पांच बजे वृंदावन पहुंचे संत प्रेमानंद।।
HighLights
संत प्रेमानंद गुरु गौरांगी शरण के जन्मदिन पर वृंदावन पहुंचे।
यमुना विहार आश्रम से सुबह पांच बजे राधा कुंज पहुंचे।
ढोल-बैंड के साथ भक्तों ने संत प्रेमानंद का भव्य स्वागत किया।
संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा)। गुरु गौरांगी शरण के जन्मदिन पर शनिवार सुबह पांच बजे वृंदावन पहुंचे संत प्रेमानंद। संत प्रेमानंद यमुना पार के यमुना विहार आश्रम से निकलकर सुबह पांच बजे वृंदावन के बाराहघाट स्थित गुरु स्थान राधा कुंज पहुंचे तो दर्शन को भक्तों की भीड़ लग गई।
ढोल-बैंड के साथ संत प्रेमानंद का स्वागत करने को भक्तों की भीड़ पहुंच गई। संत प्रेमानंद ने गुरु गोविंद शरण को जन्मोत्सव की बधाई देकर पूजा अर्चना की।
इससे पहले एक दिन बुलेट पर निकले थे संत
संत प्रेमानंद इन दिनों एकांतवास पर हैं और उनके भक्त संत की एक झलक पाने को हर समय तत्पर रहते हैं। लेकिन, लंबा समय हो गया, जबकि संत प्रेमानंद के नियमित दर्शन अनुयायियों को नहीं हो रहे। तो अनुयायी संत प्रेमानंद के नए आश्रम यमुना विहार आश्रम के आसपास दर्शन के लिए हर दिन पहुंचते ही रहते हैं। ऐसे भक्तों के लिए भाईदूज का दिन अद्भुत रहा।
संत प्रेमानंद बुलेट पर सवार होकर आश्रम से निकले और यमुना किनारे साधना करने के लिए पहुंचे। राधानाम का प्रचार-प्रसार कर प्रसिद्धि पाने वाले संत प्रेमानंद दुनियाभर में चर्चाओं में हैं। अस्वस्थ रहने के कारण वह इन दिनों एकांतवास कर रहे हैं और यमुना पार जहांगीरपुर स्थित नए स्थान यमुना विहार आश्रम में निवास कर रहे हैं। कभी-कभी वह भक्तों को दर्शन देने वृंदावन श्रीराधा केलिकुंज भी पहुंचते हैं।