रेस्टोरेंट संचालक की खून से लथपथ लाश कीचड़ में मिलने से फैली सनसनी, पार्टनर के साथ घर से निकला था युवक
मथुरा में रेस्टोरेंट संचालक का शव कीचड़ में मिला। विकास अग्रवाल नामक यह व्यक्ति अपने पार्टनर के साथ घर से निकला था और सुबह उसका खून से लथपथ शव बरामद हुआ। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सके।

जागरण संवाददाता, मथुरा। गांव छोली सड़क किनारे कीचड़ में खून से लथपथ रेस्टोरेंट संचालक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए साथ ही जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट संचालक अपने पार्टनर के साथ रात को घर के लिए निकला था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं लगा। रविवार सुबह छह बजे कीचड़ में शव मिला।
बलदेव के गांव अवैरनी निवासी 35 वर्षीय विकास अग्रवाल मथुरा के गोवर्धन चौराहे पर अग्रवाल रेस्टोरेंट नाम से भोजनालय अपने दोस्त राहुल गुर्जर के साथ पार्टनरशिप में चलते थे। शनिवार देर रात वह अपने पार्टनर के साथ किराए पर लिए मकान टाउनशिप से निकले थे।
सुबह कीचड़ में खून से लथपथ मिला शव
रविवार सुबह छह बजे उनका शव मथुरा–सादाबाद मार्ग पर कीचड़ में खून से लथपथ पड़ा मिला। विकास की एक माह पूर्व 14 जून को सिकंदरा निवासी युवती से शादी हुई थी। युवती ने गांव में रहने के लिए मना कर दिया था। इसी बात को लेकर पारिवारिक कलेश चल रहा था। युवती मथुरा रहने के शर्त पर 10 दिन पहले अपने घर सिकंदरा आगरा से आई थी। विकास टाउनशिप पर किराए के मकान लेकर शिफ्ट हो गया।
फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए
मृतक के भतीजे रामकिशोर ने बताया कि चाचा शनिवार शाम सात बजे घर से अपनी गाड़ी में बाबा और चाची को लेकर मथुरा गए थे। इसके बाद वह पार्टनर के साथ गए थे। फिर सुबह शव पड़ा मिला। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए।
बलदेव थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम आने के बाद पता चलेगा। पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।