वृंदावन कथावाचक इंद्रदेव पर दुष्कर्म का आरोप: मुंबई की पीड़िता ने दर्ज कराए बयान, आश्रम में पुलिस कार्रवाई पर शिष्यों का हंगामा
वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली मुंबई की पीड़िता ने वृंदावन थाने में बयान दर्ज कराए और उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

दुष्कर्म पीड़िता के साथ समाजसेवी।
HighLights
मुंबई की पीड़िता ने कथावाचक इंद्रदेव पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
पीड़िता ने वृंदावन थाने में बयान दर्ज कराकर गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस के आश्रम पहुंचने पर शिष्यों ने कार्रवाई का विरोध किया।
संवाद सहयोगी, वृंदावन(मथुरा)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थित काशीमीरा थाने में वृंदावन के कथावाचक इंद्रदेव सरस्वती पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़िता मंगलवार को बयान दर्ज कराने के लिए वृंदावन थाने पहुंची। उन्होंने आरोपित कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की है।पीड़िता को लेकर पुलिस इंद्रदेव के आश्रम पर पहुंची और नक्शा बनाया।
इसी दौरान आश्रम में मौजूद शिष्यों ने हंगामा कर दिया। शिष्य वहां हो रही पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगे। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और कार्रवाई पूरी हुई।
कथावाचक इंद्रदेव की गिरफ्तारी की मांग, बयान देने पहुंची मुंबई की पीड़िता
मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे राधा आर्चिट में एक प्रेसवार्ता करके पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2023 में मुंबई में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उन्होंने इंद्रदेव महाराज को अपना गुरु बनाया था। पारिवारिक कलह से परेशान होकर वे आश्रम आने-जाने लगीं। इसी दौरान महाराज ने उनकी छोटी बेटी के जरिए उनका नंबर लिया और अश्लील बातें व मैसेज करने शुरू कर दिए। ब्लाक करने के बावजूद वे अलग-अलग नंबरों से संपर्क करते रहे।
वृंदावन आश्रम में बुलाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि चार नवंबर 2025 को दीपावली के समय महाराज ने उन्हें वृंदावन आश्रम बुलाया और रात में अपने कमरे में ले जाकर खुद को उनका पति बताते हुए दुष्कर्म किया। इसके बाद 26 जनवरी 2026 तक वे संपर्क में रहे और वीडियो कॉल कर उनकी संपत्ति का हिसाब मांगने के साथ-साथ उनकी बड़ी और साढ़े नौ वर्ष की छोटी बेटी को भी अपने पास भेजने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि आश्रम में वे छोटी बेटी को 15 मिनट के लिए कमरे में भी ले गए थे।
यह भी पढ़ें- मथुरा में शंकर सेठ के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई के 4 दिन, रियल एस्टेट कारोबार पर संकट
यह भी पढ़ें- मथुरा: फर्जी ED अधिकारी सचिन शर्मा के खुल रहे 'काले कारनामे', अब सिनेमा मालिक ने दर्ज कराया नया मुकदमा
मामले को रफा-दफा के लिए 15 लाख का ऑफर देने का दावा
मामले को रफा-दफा करने के लिए 15 लाख रुपये का ऑफर दिए जाने का दावा करते हुए पीड़िता ने कहा कि उन्हें पैसा नहीं, बल्कि इंसाफ चाहिए। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता तृप्ति देसाई, संजय हरियाणा आदि उपस्थित रहे। वहीं पुलिस मंगलवार को पीड़िता को आश्रम ले गई, जहां घटनास्थल का नक्शा बनाया गया।
इस दौरान शिष्यों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध जताते हुए हंगामा किया, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और कार्रवाई पूरी हुई। सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।