मथुरा में शंकर सेठ के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई के 4 दिन, रियल एस्टेट कारोबार पर संकट
आयकर विभाग की शंकर सेठ के ठिकानों पर चौथे दिन भी कार्रवाई जारी है, जिससे मथुरा के रियल एस्टेट कारोबार ...और पढ़ें

होटल के बाद आयकर विभाग की गाड़ियां।
HighLights
शंकर सेठ के ठिकानों पर चौथे दिन भी आयकर की जांच जारी
करोड़ों के अघोषित लेनदेन के सबूत मिले, 21 जगह जांच
मथुरा के रियल एस्टेट कारोबार और निवेशकों में चिंता
जागरण संवाददाता, मथुरा। रियल एस्टेट और होटल कारोबारी शंकर सेठ के ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार चौथे दिन सोमवार को भी जारी रही। इस कार्रवाई ने जिले के रियल एस्टेट कारोबार की चिंता बढ़ा दी है। जिले में अब तक की सबसे बड़ी आयकर कार्रवाई के बाद इस क्षेत्र में निवेश करने वाले कारोबारी और निवेशक असमंजस में हैं।
आशंका है कि जांच का दायरा बढ़ने के साथ रियल एस्टेट के कई प्रोजेक्ट प्रभावित हो सकते हैं। निर्माण कार्यों में देरी से लेकर निवेश की निकासी तक का संकट खड़ा होने की संभावना जताई जा रही है। आयकर विभाग को अब तक सैकड़ों करोड़ रुपये के अघोषित लेनदेन के सुबूत मिले हैं।
चार दिन से 21 ठिकानों पर चल रही छापेमारी
शुक्रवार सुबह पांच बजे शुरू हुई कार्रवाई सोमवार को चौथे दिन देर शाम तक जारी रही। आयकर विभाग की टीमों ने मथुरा-वृंदावन और आगरा में कुल 21 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। आयकर महानिदेशक जांच अजय कुमार अत्री और प्रधान आयकर निदेशक जांच कानपुर अजय कुमार शर्मा के निर्देशन में करीब 100 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम जांच में जुटी है। सोमवार को टीम में कुछ और अधिकारियों को शामिल किया गया। जांच का दायरा बढ़ाते हुए शहर के आधा दर्जन से अधिक कारोबारियों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया गया।
सैकड़ों करोड़ के अघोषित लेनदेन के मिले सुबूत
आयकर विभाग की जांच में शंकर सेठ के गुरुकृपा समूह के होटल, आनंदा समूह के रियल एस्टेट कारोबार और होटल रेडिसन से जुड़े ठिकाने शामिल हैं। टीम कारोबार से जुड़े दस्तावेजों, बैंक खातों, डिजिटल रिकार्ड और इलेक्ट्रानिक उपकरणों की पड़ताल कर रही है। होटल प्रोजेक्ट से जुड़े सीए और अकाउंटेंट से भी पूछताछ की जा रही है। बेनामी संपत्तियों और निवेश के स्रोतों की जानकारी जुटाई जा रही है।
शंकर सेठ के साथ रियल एस्टेट व होटल के प्रोजेक्टों में निवेश करने वाले भी चिंतित
इस कार्रवाई का सबसे बड़ा असर रियल एस्टेट के निवेश और कारोबार पर पड़ने की आशंका है। बताया जा रहा है कि शंकर सेठ के नाम पर कई बड़े कारोबारियों ने करोड़ों रुपये निवेश कर रखे हैं। इनमें रियल एस्टेट के साथ सराफा कारोबार से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। ऐसे में आयकर जांच की आंच निवेशकों तक पहुंचने की आशंका से कारोबारी सतर्क हो गए हैं। जिन लोगों का पैसा विभिन्न प्रोजेक्टों में लगा है, उन्हें अब अपने निवेश और उससे जुड़े दस्तावेजों की चिंता सता रही है।
यह भी पढ़ें- मथुरा: आयकर विभाग ने 3 दिनों की छापामारी में पकड़ी बड़ी चोरी, शंंकर सेठ के नाम पर सैकड़ों करोड़ का निवेश
प्रोजेक्टों में पूंजी का प्रवाह प्रभावित हो सकता है
रियल एस्टेट कारोबारियों का मानना है कि जांच लंबी खिंचने पर मौजूदा प्रोजेक्टों में पूंजी का प्रवाह प्रभावित हो सकता है। इससे निर्माण कार्यों की गति धीमी पड़ने और प्रोजेक्टों की समयसीमा बढ़ने की आशंका है। वहीं, कुछ सराफा कारोबारी रियल एस्टेट से पैसा निकालकर अपने मूल कारोबार में निवेश करने की रणनीति बना सकते हैं। इससे बाजार में पूंजी का संतुलन भी प्रभावित हो सकता है।
354 हरे पेड़ों के कटान के आरोपों के बाद शंकर सेठ का नाम पहले ही चर्चा में था
वृंदावन के डालमिया बाग में 354 हरे पेड़ों के कटान के आरोपों के बाद शंकर सेठ का नाम पहले ही चर्चा में था। अब आयकर कार्रवाई ने उनके कारोबारी नेटवर्क से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सोमवार देर शाम तक आयकर विभाग की टीमें सभी ठिकानों पर दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच में जुटी थीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।