मथुरा: आयकर विभाग ने 3 दिनों की छापामारी में पकड़ी बड़ी चोरी, शंंकर सेठ के नाम पर सैकड़ों करोड़ का निवेश
21 ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में बेनामी संपत्तियों और ऑफ-रिकॉर्ड समझौतों के जरिए बड़े पैमाने पर अघोषित निवेश के ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
मथुरा में आयकर विभाग की तीन दिवसीय छापेमारी।
शंकर सेठ समेत कई कारोबारियों पर कर चोरी का आरोप।
सैकड़ों करोड़ के अघोषित निवेश के सबूत जब्त।
जागरण संवाददाता, मथुरा। वृंदावन के डालमिया बाग में 354 हरे पेड़ों की काटने के आरोप में चर्चा में आए रियल एस्टेट और होटल कारोबारी शिव शंकर अग्रवाल उर्फ शंकर सेठ समेत आधा दर्जन से अधिक कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की तीन दिन तक चली छापेमारी में बड़े पैमाने पर कर चोरी का पर्दाफाश हुआ है। 21 ठिकानों पर हुई छापेमारी में मथुरा-वृंदावन के कई बड़े कारोबारियों के लेनदेन के सुबूत भी मिले हैं।
ऑफ रिकॉर्ड अग्रीमेंट्स के माध्यम से सैकड़ों करोड़ रुपये की अघोषित धनराशि निवेश करने के सुबूत भी टीम को मिले हैं। इन सभी को जब्त कर लिया गया है। छापेमारी रविवार रात भी जारी रही। अब बड़े पैमाने पर इन कारोबारियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शुक्रवार से शुरू हुई थी छापामारी
आयकर विभाग की टीम ने आयकर महानिदेशक जांच अजय कुमार अत्री, प्रधान आयकर निदेशक जांच कानपुर अजय कुमार शर्मा के निर्देशन में शुक्रवार सुबह पांच बजे से मथुरा-वृंदावन और आगरा के 21 ठिकानों पर विभाग के 100 कर्मचारियों के साथ एक साथ छापेमारी की। शंकर सेठ के गुरुकृपा ग्रुप के होटलों पर छापेमार की गई। इसके अलावा वृंदावन के प्रमुख रियल एस्टेट कारोबारी आनंदा ग्रुप और होटल रेडिसन के संचालक गोवर्धन अग्रवाल, गिरिराज अग्रवाल, सोनू अग्रवाल के साथ ही आगरा के कमला नगर में सोनी शोरूम के संचालक अनुराग बंसल के ठिकानों पर छापेमारी की।
आयकर विभाग की टीमों ने तीन दिनों में पकड़ी बड़े पैमाने पर कर चोरी
अनुराग का वृंदावन में एक होटल निर्माणाधीन है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगातार दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। छापेमारी में इन कारोबारियों के पास से रियल एस्टेट में बड़े पैमाने पर लेनदेन के सुबूत मिले हैं। फ्लैट बुकिंग में भी बड़ी मात्रा में नकद लेनदेन हुआ है। होटल की बुकिंग में भी बड़े पैमाने पर कैश बुकिंग के सुबूत जब्त हुए हैं। ऑफ रिकॉर्ड एग्रीमेंट्स के माध्यम से सैकड़ों करोड़ रुपये की अघोषित नकद धनराशि के निवेश के सुबूत मिले हैं, इन्हें जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- मथुरा: 24 घंंटे से आयकर विभाग का सर्वे जारी, शंकर सेठ के ठिकानों पर वित्तीय लेनदेन और कारोबारी के नेटवर्क की पड़ताल
21 ठिकानों पर की गई छापेमारी
शंकर सेठ के नाम पर मथुरा-वृंदावन के कई बड़े कारोबारियों की बेनामी संपत्तियों के सुबूत भी आयकर टीम को मिले हैं, इन्हें भी जब्त कर लिया गया है। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का भी पर्दाफाश हुआ है। बताते हैं कि शंकर सेठ के नाम पर दर्जनों बड़े कारोबारियों ने निवेश कर रखा था। अब इन कारोबारियों पर भी आयकर विभाग कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। रविवार देर रात भी छापेमारी जारी रही।
होटल प्रोजेक्ट से जुड़े सीए व अकाउंटेंटों से भी पूछताछ
रियल एस्टेट और होटल कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी में दस्तावेजों, कारोबारी रिकार्ड और इलेक्ट्रानिक उपकरणों की पड़ताल की जा रही है। शंकर सेठ व अन्य के प्रोजेक्ट से जुड़े अकाउंटेंटों व सीए से भी पूछताछ की गई है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ अब इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के अलावा क्लाउड सर्विस पर सुरक्षित कारोबारी डाटा भी जांच के केंद्र में हैं।
जानकारों का कहना है कि क्लाउड पर सुरक्षित डाटा की जांच के लिए तकनीकी प्रक्रिया अपनानी पड़ती है। इसमें अलग-अलग डिजिटल अकाउंट, सर्वर और रिकॉर्ड का मिलान करना पड़ सकता है।
आनंद कृष्णा वन गेस्ट हाउस के अकाउंटेंट के घर पहुंची आयकर की टीम
धर्मनगरी स्थित आनंद कृष्णा वन गेस्ट हाउस के अकाउंटेंट सोनू और प्रदीप के आवास पर रविवार को आयकर विभाग की टीम पहुंची। जहां आयकर विभाग की टीम ने अकाउंटेंट से पूछताछ कर विभिन्न प्रोजेक्टों के विषय में जानकारी जुटाई। बांके बिहारी मंदिर के पास मदनमोहन घेरा में स्थित अकाउंटेंट के आवास पर टीम के पहुंचने से क्षेत्र में हलचल तेज हो गई।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, टीम द्वारा अकाउंटेंट से किन बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है और कार्रवाई के पीछे क्या वजह है, इसकी आधिकारिक जानकारी तो फिलहाल सामने नहीं आई है, लेकिन आवास पर पहुंची टीम ने काफी देर तक पूछताछ की और जरूरी दस्तावेज कब्जे में लिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।