फैशन, ग्राफिक, इंटीरियर डिजाइनिंग में करियर बनाने का मौका; दिसंबर में तीन संस्थानों की प्रवेश परीक्षाएं
दिसंबर में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी), यूडीआईटी और आर्क एकेडमी ऑफ डिजाइन जैसे प्रमुख संस्थानों में डिजाइन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित होंगी। फैशन, ग्राफिक, प्रोडक्ट और इंटीरियर डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के इच्छुक युवा इन परीक्षाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिनकी पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
दिसंबर में तीन प्रमुख डिजाइन संस्थानों की प्रवेश परीक्षाएं होंगी।
एनआईडी, यूडीआईटी, आर्क एकेडमी में प्रवेश का अवसर मिलेगा।
फैशन, ग्राफिक, इंटीरियर डिजाइनिंग में करियर के द्वार खुलेंगे।
जागरण संवाददाता, मथुरा। रचनात्मकता में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए डिजाइनिंग का क्षेत्र करियर के नए रास्ते खोल रहा है। फैशन, ग्राफिक, प्रोडक्ट, इंटीरियर और कम्युनिकेशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में पढ़ाई कर विद्यार्थी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। इसी दिशा में दिसंबर में तीन प्रमुख संस्थानों की प्रवेश परीक्षाएं प्रस्तावित हैं।
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (एनआईडी), यूडीआईटी और आर्क एकेडमी ऑफ डिजाइन की ओर से संचालित एआइईईडी के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न डिजाइन पाठ्यक्रमों में प्रवेश पा सकेंगे। इन परीक्षाओं के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है।
तीन प्रवेश परीक्षाएं, अलग-अलग तारीखें
यूडीआईटी की यू-डेट/यू-मैट प्रवेश परीक्षा पांच और छह दिसंबर को आयोजित होगी। डिजाइन एवं मैनेजमेंट से जुड़े पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क 2500 रुपये है। परीक्षा में शामिल होने के बाद अभ्यर्थियों का चयन पोर्टफोलियो मूल्यांकन और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
फैशन से लेकर ग्राफिक और इंटीरियर डिजाइनिंग तक में भविष्य संवारने का अवसर
एनआईडी में प्रवेश के लिए डेट 2027 की प्रारंभिक परीक्षा 20 दिसंबर को होगी। बीडीएस और एमडीएस कार्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी। इसके लिए प्रवेश पत्र 10 दिसंबर से जारी किए जाने हैं।
प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को डेट मेन्स में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसमें अभ्यर्थियों की डिजाइन संबंधी समझ, कल्पनाशीलता और समस्याओं का रचनात्मक समाधान खोजने की क्षमता परखी जाएगी।
यह भी पढ़ें- मथुरा में विंटर फैशन का नया ट्रेंड: क्रॉप स्वेटर, हाई जींस और लांग कोट हुडी की धूम
यह भी पढ़ें- वेडिंग फैशन ट्रेंड: दुल्हनों में 'धुरंधर-2' लहंगे का क्रेज, दूल्हे चुन रहे जोधपुरी सेहरे के साथ 'रजवाड़ा' लुक
प्रवेश परीक्षा दिसंबर में ऑनलाइन आयोजित होगी
वहीं, आर्क एकेडमी ऑफ डिजाइन की एआइईईडी 2027 प्रवेश परीक्षा दिसंबर में ऑनलाइन आयोजित होगी। फैशन, इंटीरियर और ग्राफिक डिजाइनिंग के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है। आवेदन शुल्क तीन हजार रुपये निर्धारित है। चयन प्रक्रिया में आनलाइन स्क्रीनिंग, इंटरव्यू और संबंधित टेस्ट शामिल हैं।