विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वेडिंग फैशन ट्रेंड: दुल्हनों में 'धुरंधर-2' लहंगे का क्रेज, दूल्हे चुन रहे जोधपुरी सेहरे के साथ 'रजवाड़ा' लुक

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:52 AM (IST)

दूल्हा-दुल्हन के लिए शादी की तैयारियों में परिधानों की खरीदारी खास है, जिसमें दुल्हन को मॉडर्न आर्ट लहंगे और दूल्हे को वाइब्रेंट-राजसी लुक पसंद आ रहा है। 

कल्याणजी शोरूम पर धुरंधर-टू लहंगा दिखाते मनीष। मॉडर्न आर्ट वाला लहंगा। जागरण

कल्याणजी शोरूम पर धुरंधर-टू लहंगा दिखाते मनीष। मॉडर्न आर्ट वाला लहंगा। जागरण

HighLights

  1. दुल्हन को मॉडर्न आर्ट लहंगे और जरदोजी वर्क पसंद।

  2. दूल्हे के लिए वाइब्रेंट, राजसी शेरवानी और जोधपुरी सेहरा।

  3. भारी ज्वेलरी, नेचुरल मेकअप, किराए पर भी परिधान उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, मेरठ। जिन परिवारों में युवक-युवतियों की शादी होनी हैं, उन्होंने सभी तैयारियां कर ली हैं। दूल्हा-दुल्हन के परिधानों की खरीदारी की जा रही है। बदलते समय में दूल्हे के लिए वाइब्रेंट और राजसी लुक वाले परिधान खास डिमांड में हैं, जबकि दुल्हन की पसंद भारतीय कला संस्कृति की झलक वाले मॉडर्न आर्ट लहंगे बन रहे हैं।

रिंग सेरेमनी, हल्दी, मेहंदी रस्म, प्री वेडिंग रिसेप्शन के लिए मैचिंग थीम पर फोकस है, तो शादी वाले दिन के लिए मैचिंग से बचा जा रहा है। कल्याणजी शोरूम पर गुरुवार को कई परिवार शादी के लिए कपड़े खरीदने पहुंचे।

शोरूम के स्वामी सम्यक जैन और मैनेजर अनुज शर्मा ने बताया कि लहंगों में चंद्रकांता और जरदोजी वर्क सर्वाधिक पसंद किया जा रहा है। उनके यहां 10 हजार रुपये से दो लाख रुपये तक का लहंगा है। धुरंधर-2 लहंगा भी ट्रेंडिंग में है। रिंग सेरेमनी के लिए 20 से 60 हजार रुपये कीमत के दुल्हन के परिधान हैं।

आबूलेन पर रहमांस शोरूम के स्वामी अब्दुर्रहमान बताते हैं कि दूल्हा-दुल्हन के परिधान थीम बेस्ड हो गए हैं। अब मैचिंग का दौर नहीं है। यदि दुल्हन वेस्टर्न गाउन पहनती है, तो दूल्हा टक्सीडो पहन रहा है।

82327027 (1)

कल्याणजी साड़ी शोरूम पर लहंगे। जागरण 

दुल्हन लहंगा पहनती है, तो दूल्हे की पसंद शेरवानी है। पेस्टल शेड और अनारकली लुक वाले कुर्ते के साथ शेरवानी खास है। इसमें जरदोजी, स्टोन आदि का वर्क भी खूब आ रहा है। सेहरा भी जोधपुरी स्टाइल का है। यह रजवाड़ा लुक देता है। उनके यहां 18 हजार से डेढ़ लाख रुपये तक की शेरवानी हैं।

हेवी दिखने वाली ज्वेलरी ज्यादा पसंद

हार हो या मांग टीका, दुल्हन के लिए भारी-भरकम दिखने वाली ज्वेलरी खूब लुभा रही है। तनिष्क शोरूम के डायरेक्टर अभिषेक जैन बताते हैं कि पारंपरिक रूप से दुल्हन के लिए हार, नथ, कंगन, झुमकी, बिछुवा एवं पाजेब के अलावा अंगूठी खरीदी जाती है।

पूर्व में कमरबंद (तगड़ी) भी दी जाती थी, जो अब चलन में कम है। दुल्हन के लिए टेंपल ज्वेलरी पर ग्राहकों का ज्यादा फोकस है। ज्यादा बजट वाले जड़ाऊ ज्वेलरी पसंद कर रहे हैं, जो तनिष्क ने अध्यनतारा कलेक्शन में निकाली है।

मेकअप में चाहिए रियलिटी

कचहरी पुल के पास सुकून सैलून की संचालिका सुधा सिंह बताती हैं कि अब नेचुरल दिखने वाले मेकअप का दौर है। हल्दी या रिंग सेरेमनी में कर्ली हेयर करा लेती हैं, लेकिन शादी वाले दिन चोटी और उसमें असली फूल लगाने को प्राथमिकता दी जा रही है। नाखूनों पर स्टोन वर्क भी काफी पसंद किया जा रहा है। देव उठनी एकादशी के बाद के लिए मेकअप की लगातार बुकिंग हैं।

किराये पर भी उपलब्ध हैं महंगे परिधान

सदर बाजार, आबूलेन, गढ़ रोड, शारदा रोड और बेगमपुल के आसपास कई प्रतिष्ठानों पर शेरवानी, लहंगा व गाउन किराए पर भी दिए जाते हैं।

सदर बाजार में शगुन ड्रेसेज के संचालक हरमीत सिंह बताते हैं कि लहंगा और शेरवानी प्रति कार्यक्रम (तीन दिनों के लिए) किराये पर देने का शुल्क 1500 से 2500 रुपये तक है। जो लोग महंगे परिधान नहीं खरीद सकते, वे किराये पर लेकर लेटेस्ट डिजाइन के परिधान विशेष अवसरों पर पहनते हैं।

यह भी पढ़ें- 4 महीने बाद आज जाग रहे हैं श्री हरि: देवउठनी एकादशी पर शाम ढलते ही करें ये 3 काम, खुलने लगेंगे बंद रास्ते

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।