गोवर्धन में दीपावली पर दीपों से जगमगाया गिरिराज पर्वत, मानसीगंगा में दिखा भक्ति का अद्भुत वैभव
दीपावली पर गोवर्धन में मानसीगंगा और गिरिराज पर्वत दीपों की स्वर्णिम आभा से जगमगा उठे, जहां भक्तों ने दीपदान कर ...और पढ़ें

दीपावली पर गिरिराजजी महाराज।
HighLights
मानसीगंगा और गिरिराज पर्वत दीपों से हुए आलोकित
भक्तों ने दीपदान कर की सातकोसीय परिक्रमा
मंदिरों में गूंजे राधे-राधे के भक्तिमय जयकारे
संवाद सूत्र, गोवर्धन (मथुरा)। दीपों की स्वर्णिम आभा, मानसीगंगा की लहरों पर अठखेलियां करती रोशनी और चहुंओर गूंजते राधे-राधे के जयकारे... दीपावली की संध्या को गिरिराज धरा भक्ति और दिव्यता के अद्भुत रंग में रंग गई। श्रद्धा के दीपों से मानसीगंगा के घाट जगमगा उठे तो गिरिराजजी की तलहटी दीपों की रोशनी में नहा उठी। ऐसा लगा मानो दीपों की कतारों के बीच स्वयं गिरिराज महाराज अपनी दिव्य छटा बिखेर रहे हों। ब्रज की इस अलौकिक दीपावली में दीपों की लौ के साथ भक्तों की आस्था भी झिलमिला उठी।
रविवार को दीपावली महोत्सव पर गोवर्धन में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। भक्तों ने गिरिराजजी के दर्शन कर ब्रजरज को मस्तक पर धारण किया और सातकोसीय परिक्रमा लगाई।
संध्या होते ही मानसीगंगा, राधाकुंड सहित अन्य पवित्र कुंडों के घाट दीपदान से आलोकित हो उठे। जलधारा में तैरते दीपों की सुनहरी छटा और पानी में मंदिरों के प्रतिबिंब ने ऐसा मनोरम दृश्य रचा कि श्रद्धालु अपलक निहारते रह गए।
दीपावली पर दीपदान से जगमगाए ब्रज के कुंड और मंदिर
दानघाटी मंदिर, मुकुट मुखारविंद मंदिर, जतीपुरा मुखारविंद और हरदेव मंदिर दीपों की आभा से दमक उठे। मंदिरों में गूंजते संकीर्तन और गिरिराज महाराज के जयकारों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। दीपावली पर परिक्रमा मार्ग में भी विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई। दानघाटी मंदिर के सेवायत रामेश्वर पुरोहित ने दीपदान कर बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिक्रमा मार्ग पर रोशनी के विशेष प्रबंध किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- UP Weather Today: बदल गया मौसम का मिजाज, सुबह छाएगी धुंध, तापमान में नहीं होगा बदलाव
यह भी पढ़ें- वृंदावन रशियन बिल्डिंग में मृत मिला विदेशी श्रद्धालु, बीमारी से मौत की आशंका
सातकोसीय परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब
मुकुट मुखारविंद मंदिर के रिसीवर अमित गोस्वामी ने मंदिर परिसर के विभिन्न स्थलों को दीपों से सजवाया। मानसीगंगा के जल में मंदिर का प्रतिबिंब दीपों की रोशनी के साथ आध्यात्मिक वैभव का अनुपम दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। राधाकुंड में नगर पंचायत अध्यक्ष रामफल मुंशी और अधिशासी अधिकारी कल्पना बाजपेई ने कुंड के घाटों को दीपों से आलोकित कराया। वहीं मानसीगंगा के घाटों पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभादेवी शर्मा और चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष लंबरदार के प्रयासों से भव्य दीपदान हुआ।
सभासद संजय लवानिया, माधव शर्मा, शेखर मुखिया सहित स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी मंदिरों और कुंडों पर दीप जलाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। दीपों की इस जगमगाहट ने ब्रज की आध्यात्मिक परंपरा और गिरिराजजी के प्रति अटूट श्रद्धा का अनुपम दर्शन कराया। मानसीगंगा की लहरों से लेकर गिरिराज पर्वत की तलहटी तक बिखरी दीपों की आभा देर रात तक श्रद्धालुओं को भावविभोर करती रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।