Weather Update: देर रात आई आंधी-बारिश ने मचाई तबाही, स्ट्रीट लाइट के खंभे गिरे और टिनशेड-छप्पर उड़े; फसलों को नुकसान
होली पर मथुरा में आए तूफान ने तबाही मचाई स्ट्रीट लाइट के खंभे गिर गए टिन शेड और छप्पर उड़ गए। फसलों को नुकसान की आशंका है। वहीं कई इलाकों में जलभराव से आवागमन प्रभावित हो गया। तेज हवा ने ठंड का अहसास कराया। किसानों का कहना है कि मेहूं और सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। फसल खेतों में बिछी है।
जागरण टीम, मथुरा। होली के दिन देर शाम आंधी और वर्षा ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दीं। आंधी से जिलेभर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। सुरीर, टैंटीगांव क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट के तीन खंभे गिर गए। कई घरों में लगे टिनशेड एवं छप्पर उड़ गए। गेहूं एवं सरसों की फसलों में नुकसान की आशंका है। रात्रि में वृंदावन, छटीकरा, जैंत, चौमुहां, सुरीर क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक तेज वर्षा से जलभराव हो गया। आवागमन प्रभावित हो गया। शीत हवा चलने से लोगों को ठंड का अहसास होता रहा।
शुक्रवार की सुबह आसमान में बादल छाए रहे। कुछ देर बाद मौसम साफ हुआ तो होली की मस्ती छाई। देर शाम करीब सात बजे के बाद आसमान में फिर से बादल छा गए। शहरी क्षेत्र में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। लेकिन, कुछ मिनट बाद मौसम साफ हो गया। लेकिन, शीतल तेज हवा से लोगों को ठंड का अहसास होता रहा।
ओले के फाइल फोटो।
इन गांवों में हुआ नुकसान
सुरीर, टैंटीगांव एवं आसपास के इलाकों में आंधी के साथ वर्षा हुई। इससे टैंटीगांव एवं आसपास क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट के तीन खंभे गिर गए। इससे अंधेरा हो गया। मांट एवं फरह क्षेत्र में भी तेज हवा के साथ वर्षा हुई। रात्रि आठ बजे वृंदावन, छटीकरा, जैंत एवं चौमुहां क्षेत्र में तेज हवा के साथ तेज वर्षा हुई। करीब 20 मिनट तक हुई तेज वर्षा से निचले इलाकों में जलभराव हो गया। वर्षा के कारण आवागमन प्रभावित हो गया। सड़क किनारे वाहन खड़े हो गए। वर्षा बंद होने के बाद ही लोग गंतव्य के लिए निकले। आंधी व वर्षा से किसानों की धड़कनें बढ़ गईं। वर्षा व तेज हवा से खेतों में खड़ी गेहूं, जौ एवं सरसों की फसल में नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
कई जगह उड़े जंपर, छाया रहा अंधेरा
शुक्रवार की देर शाम तेज हवा के साथ वर्षा होने पर अनहोनी की आशंका को लेकर जिले के सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। तेज हवा के चलते कई खंभों के जंपर जल गए। वर्षा बंद होने के बाद जंपरों को जोड़कर लाइन को चालू किया गया। करीब आधा घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल की गई। फरह क्षेत्र में भी तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। हवा से फसलें खेतों में बिछ गईं।
ये भी पढ़ेंः Holi 2025: अनोखा है बलदेव में दाऊजी महाराज के आंगन का हुरंगा, हुरियारिनों ने हुरियारों पर की कोड़ों की बरसात
ये भी पढ़ेंः Agra Metro Project: जुलाई से इन रूटों पर भी दौड़ेगी आगरा मेट्रो! चार नए स्टेशनों पर जून में होगा ट्रायल रन
आलू की 90 प्रतिशत खोदाई हो चुकी है। सरसों की 60 प्रतिशत कटाई हो चुकी है। खेतों में गेहूं, जौ की फसल खड़ी है। तेज हवा के साथ वर्षा से इन फसलों में नुकसान की आशंका है। लेकिन, शुक्रवार को हुई वर्षा से फसलों में नुकसान की आशंका कम है। अब तक किसी किसान द्वारा इस तरह की जानकारी हमारे पास नहीं दी है। -अश्वनी कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।