यूपी के इस जिले को सात फ्लाईओवर व अंडरपास की सौगात, आरओबी का भी होगा चौड़ीकरण; प्रस्ताव पर गडकरी ने लगाई मुहर
सांसद हेमा मालिनी के प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मथुरा में आगरा-दिल्ली हाईवे पर सात रेलवे ओवरब्रिज के चौड़ीकरण और नए फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी दी है। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी। हेमा मालिनी ने ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को हेरिटेज के रूप में विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा जिस पर मंत्री ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, मथुरा। अब जल्द ही वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। आगरा-दिल्ली हाईवे पर सात रेलवे ओवरब्रिज के चौड़ीकरण और नए फ्लाईओवर और अंडरपास के सांसद हेमा मालिनी के प्रस्ताव पर मंगलवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मुहर लगा दी।
काफी समय से यह मांग चल रही थी। यहीं नहीं सांसद ने ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को भी हेरिटेज के रूप में विकसित करने की बात कही। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जल्द ही औपचारिकताएं पूरी करने का आश्वासन दिया।
सांसद हेमा मालिनी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। सांसद ने कहा कि कुछ समय पूर्व ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग के सुंदरीकरण और चौड़ीकरण के लिए आइकान इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डीपीआर तैयार कराई थी। लेकिन कुछ कारणों से यह योजना धरातल पर नहीं आ सकी।
ब्रज का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभाव बढ़ रहा है, यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, इसलिए इस योजना को अमल में लाने की जरूरत है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सबसे पहले ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा को प्रधानमंत्री कार्यालय स्तर से राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने सांसद को ब्रज 84 कोस परिक्रमा के लिए शीघ्र ही स्वीकृति के लिए औपचारिकताओं पर विचार करने की बात कही और पूरा आश्वासन भी दिया। सांसद ने आगरा-दिल्ली हाईवे पर सात फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने के साथ रेलवे ओवरब्रिज के चौड़ीकरण का पत्र दिया, इसे हरी झंडी मिल गई।
इसमें जैंत निवासी सामाजिक कार्यकर्ता चंद्र प्रकाश ब्रजवासी द्वारा जैंत में एलिवेटेड फ्लाईओवर की मांग का भी सांसद ने केंद्रीय मंत्री से जिक्र किया। वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारी ट्रांसपोर्ट सचिव उमाशंकर सिंह, दीपक शिंदे आइएएस मौजूद रहे।
इन फ्लाईओवर और अंडरपास को मिली स्वीकृति
- कोटवन गांव कट पर, चैनेज-95.900 किमी।
- कोसी इंडस्ट्रियल एरिया, चैनेज-98.220 किमी।
- ग्राम जैंत, चैनेज-131.950 किमी।
- राधापुरम, चैनेज-142.050 किमी।
इन रेलवे ब्रिज का होगा चौड़ीकरण
- नरहौली आरओबी का चौड़ीकरण, चैनेज-147.870 किमी।
- बाद आरओबी का चौड़ीकरण, चैनेज-156.740 किमी।
- फरह आरओबी का चौड़ीकरण, चैनेज-166.550 किमी।
यह होगा बड़ा फायदा
नरहौली की हाईवे की सड़क चौड़ी है, लेकिन इसके दोनों ओर बने फ्लाईओवर काफी कम चौड़े हैं। ऐसे में यहां वाहन तेज गति से नहीं निकल पाते हैं और प्राय: प्रतिदिन वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ता है। इसी तरह फरह में भी रेलवे फाटक बंद होने के कारण दिन भर वाहनों का जाम लगता है।
बाद आरओबी पर भी यही समस्या है। जैंत बड़ा क्षेत्र हो गया है। लेकिन यहां पर फ्लाईओवर न होने के कारण यहां रहने वाले लोग परेशान है। ऐसे में यहां एलिवेटेड फ्लाईओवर बनने से काफी दिक्कतों का समाधान होगा।
यह भी पढ़ें- 50 Years Of Sholay: क्या बनेगा शोले का रीमेक? हेमा मालिनी ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- आज के जय और वीरू…
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।