Mathura Mayor: विनोद अग्रवाल बने मथुरा के महापौर, भाजपा लगातार दूसरी बार सिरमौर, बाकियों की जमानत जब्त
नगर निगम में भाजपा लगातार दूसरी बार सिरमौर बनी। विनोद अग्रवाल के सिर महापौर का ताज सजा। कमल की आंधी में न साइकिल चल पाई और न ही पंजा। बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल को 145720 मत मिले।

मथुरा, जागरण संवाददाता: नगर निगम में भाजपा लगातार दूसरी बार सिरमौर बनी। विनोद अग्रवाल के सिर महापौर का ताज सजा। कमल की आंधी में न साइकिल चल पाई और न ही पंजा। बाकी सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। भाजपा प्रत्याशी विनोद अग्रवाल को 1,45,720 मत मिले। जबकि उनके निकटतम प्रत्याशी बसपा के राजा मोहतशिम अहमद को 35,191 वोट मिले। विनोद अग्रवाल 1,10,529 मतों से विजयी हुए।
कांग्रेस और सपा में अंदरूनी फूट का सीधा फायदा नगर निगम चुनाव में भाजपा को मिला है। यही कारण रहा कि भाजपा ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की। मंडी समिति में हुई मतगणना के दौरान पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बनाई। पहले राउंड में ही विनोद अग्रवाल ने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस से बागी होकर उसके चिह्न पर चुनाव लड़े श्याम सुंदर उपाध्याय बिट्टू से करीब छह हजार मतों से आगे रहे।
तीन राउंड तक दूसरे नंबर पर बिट्टू रहे, लेकिन उसके बाद बसपा प्रत्याशी मोहतशिम अहमद दूसरे नंबर पर आए। करीब दस राउंड के बाद बिट्टू फिर दूसरे नंबर पर आ गए। 20 राउंड की मतगणना में विनोद अग्रवाल हर राउंड में हजारों वोटों की बढ़त लेते रहे, लेकिन बाकी के प्रत्याशी कुछ वोटों में ही सिमटते गए। श्याम सुंदर उपाध्याय को 35,173 मत मिले, जो बसपा प्रत्याशी से 18 वोट पीछे रहे।
तीन दल कांग्रेस, सपा और रालोद की ताकत से चुनाव लड़ रहे पूर्व विधायक राजकुमार रावत को भी मतदाताओं ने पसंद नहीं किया। वह चौथे स्थान पर चले गए। उन्हें केवल 30,247 मत ही प्राप्त हो सके। महापौर पद के लिए इस बार आठ प्रत्याशी मैदान में थे। अपराह्न करीब ढाई बजे विनोद अग्रवाल के विजयी घोषित होते ही समर्थकों में जय-जयकार गूंजी, तो हारे प्रत्याशी और उनके समर्थक मायूस हो गए।
प्रत्याशी पार्टी- मिले मत
विनोद अग्रवाल-भाजपा-1,45,720
राजा मोहतशिम अहमद-बसपा-35,191
श्याम सुंदर उपाध्याय-कांग्रेस चिन्ह-35,173
राजकुमार रावत-कांग्रेस समर्थित-30,247
तुलसीराम शर्मा-सपा-11,922
प्रवीण भारद्वाज-7,187
बबिता-राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी-3534
रमेश-निर्दलीय-6154
नोटा-1930
23 हजार वोटों से ही जीते थे पहले महापौर
2017 में नगर निगम बनने के बाद हुए पहले चुनाव में भाजपा के डा. मुकेश आर्य बंधु चुनाव जीते थे। तब उन्हें 103046 मत मिले। वह अपने निकट प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहन सिंह से करीब 23 हजार वोटों से ही जीते थे। तब उन्हें कुल पड़े मतों का 41.34 प्रतिशत मत मिले थे। इस चुनाव विनोद अग्रवाल को 52.6 प्रतिशत वोट मिले।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।