Banke Bihari Mandir Corridor: ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचने का हर मार्ग होगा फोरलेन, जाम से मिलेगी बड़ी राहत
मथुरा में बांके बिहारी मंदिर के गलियारे के निर्माण के साथ मंदिर तक पहुंचने वाले सभी मार्ग फोरलेन होंगे जिससे जाम से राहत मिलेगी। यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे गलियारे तक पहुंचना संभव होगा। बाईपास पर पार्किंग विकसित की जाएगी और सिग्नेचर ब्रिज से श्रद्धालु गलियारे तक पहुंच सकेंगे। पुल पर गोल्फ कार्ट की सुविधा भी मिलेगी।

जागरण संवाददाता, मथुरा। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर का गलियारा बनने के बाद केवल मंदिर परिसर ही वृहद नहीं होगा, वहां पहुंचने के रास्ते भी चौड़े होंगे। बांकेबिहारी मंदिर पहुंचने वाला हर रास्ता फोरलेन होगा। इससे वाहनों के जाम से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।
मथुरा, छटीकरा, पानीगांव से आने वाला हर रास्ता फोरलेन होगा। अभी एक्सप्रेस वे से ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचने में करीब 10 किमी का सफर तय करना पड़ता है। भविष्य में एक्सप्रेसवे से अंदर गलियों में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे गलियारा तक पहुंच सकेंगे।
वृंदावन में वर्ष-दर-वर्ष श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। बढ़ती भीड़ के कारण सड़कें जाम हो रही हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचने में ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। घंटों जाम से जूझना पड़ता है। फिर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर तक पहुंचने के लिए भी धक्का-मुक्की करनी पड़ती है। प्रदेश सरकार ने मंदिर में सुलभ दर्शन के लिए पांच एकड़ में गलियारा प्रस्तावित किया है।
फोरलेन होगा यमुना पर बनने वाला सिग्नेचर ब्रिज
सरकार के प्रस्ताव में गलियारा के कारण केवल दर्शन ही सुलभ नहीं होंगे, बल्कि आवागमन के रास्ते भी बेहतर होंगे। अभी मंदिर के अंदर संकरी गलियों से जाना होता है। गलियारा बनने के बाद छटीकरा से वृंदावन पहुंचने वाला मार्ग हो या फिर यमुना एक्सप्रेसवे से बिहारी जी पहुंचने वाला रास्ता। यह सभी फोरलेन होंगे। इसी के साथ मथुरा से पागलबाबा मंदिर होते हुए बिहारी जी मंदिर पहुंचने वाला रास्ता भी फोरलेन होगा।
हालांकि पानीगांव और मथुरा मार्ग के चौड़ीकरण पर काम तेजी से चल रहा है। अभी ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर तक यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले श्रद्धालुओं को पानीगांव होते हुए करीब दस किमी का रास्ता तय करना पड़ता है। ऐसे में शहर के अंदर कई स्थानों पर जाम लगता है।
यमुना एक्सप्रेसवे से शहर के अंदर आने से मिलेगी निजात
राज्य सरकार के प्रस्ताव पर केंद्र सरकार ने आगरा-दिल्ली हाईवे से यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए बाइपास स्वीकृत किया है। इस बाइपास पर ही यमुा पार जहांगीरपुर में करीब 12 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पार्किंग विकसित की जाएगी। इसमें तीन से चार हजार वाहन पार्क किए जा सकेंगे। यहां से वाहन पार्क कर सिग्नेचर ब्रिज के जरिए श्रद्धालु सीधे गलियारा तक पहुंच सकते हैं। इसकी दूरी करीब आठ सौ मीटर से एक किमी ही होगी। यानी यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को बाद में शहर के अंदर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी, वह सीधे बाइपास होकर पहुंच सकते हैं।
पैदल सफर के साथ गोल्फ कार्ट भी चलेंगी
वृंदावन बाइपास से यमुना पार गलियारा को जोड़ने वाला सिग्नेचर ब्रिज भी फोरलेन होगा। इस ब्रिज पर लोग पैदल सफर भी कर सकते हैं, जो पैदल नहीं चल सकते, उनके लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा भी मुहैया कराई जाएंगी। भविष्य में छोटी बसें चलाने की भी तैयारी है।
गलियारा और उसके आसपास की सड़कों का प्रारंभिक नक्शा तैयार कर लिया गया है। बिहारी जी मंदिर आने वाला हर मार्ग फोरलेन होगा। जबकि बाइपास सिक्सलेन बनाया जाएगा। इससे गलियारा तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा। एसबी सिंह, सीईओ, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।